
खरगोन। केंद्र सरकार की मैकेनाइज्ड केंद्रीयकृत किचन योजना का विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को शहर में स्व- सहायता समूह की महिलाओं ने प्रभावी प्रदर्शन किया। रैली के रुप में नारेबाजी करते हुए सैंकड़ों की संख्या में महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां धरना प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने चेतावनी दी कि योजना वापस नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रांतीय महिला स्व सहायता समूह महासंघ के बैनर तले सौंपे ज्ञापन में बताया कि अभी स्कूलों में मध्यान्ह भोजन बनाने का काम महिला स्व.सहायता समूहों के पास है। इससे हजारों महिलाओं को रोजगार मिला हुआ है। सेंट्रल किचन योजना लागू होने से ये काम मशीनों से होगा और महिलाओं का रोजगार छिन जाएगा। इसके अलावा दूर से आने वाला खाना न ताजा रहेगा और न उसकी गुणवत्ता की गारंटी होगी। मशीनों से खाना बनने से पारदर्शिता और जवाबदेही खत्म होगी। इससे बच्चों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ेगा। इससे गड़बड़ी की आशंका भी है, ठेकेदारी प्रथा और बिचौलियों का हस्तक्षेप बढऩे की संभावना भी है। वर्तमान व्यवस्था यथावत रखी जाए।
