अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर 13.64 पैसे गिरी

मुंबई,14 जुलाई (वार्ता) वैश्विक व्यापार को लेकर अनिश्चिताओं के साथ ही वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से प्रभावित अंतर बैंक विदेशी विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट बनी हुई है।

रुपये की विनिमय दर साप्ताहिक कारोबार के पहले दिन सोमवार को डॉलर के मुकाबले 13.64 पैसे और नरम हो कर 85.9910 रुपये प्रति डॉलर पर आ गयी । शुक्रवार को डालर का भाव 85.8536 रुपये था।

विश्लेषकों के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की मैक्सिको और यूरोपीय संघ के सामानों पर 30 प्रतिशत की दर से आयात शुल्क लगाने की शनिवार की घोषणाओं के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार को लेकर चिंतायें बढ़ गयी हैं। दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के साथ अमेरिकी डॉलर के लगातार मजबूत होने से भी रुपये पर दबाव है। डॉलर इंडेक्स आज 97.60 के इर्द-गिर्द था।

भारत में व्यापक आर्थिक संकेतकों के मजबूत होने के बावजूद शेयर बाजारों में गिरावट का रुझान है और निवेशक सोने जैसी सुरक्षित सम्पत्तियों की ओर झुक रहे हैं।

बाजार को अमेरिका -भारत व्यापार समझौते के लिए चल रही बातचीत के सार्थक परिणाम की प्रतीक्षा है।

एलकेपी सिक्योरिटीज वाइस प्रेसिडेंट एवं रिसर्च एनालिस्ट (जिंस और विदेशी विनिमय) जतिन त्रिवेदी ने कहा, “ डॉलर इंडेक्स में सुधार दिखा, जो पिछले सप्ताह के 96.50 के निचले स्तर से 98 के स्तर की ओर बढ़ रहा था। इसके अलावा, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और घरेलू पूंजी बाजारों में हल्की कमजोरी ने रुपये पर दबाव बढ़ा दिया है। इन कारकों के कारण बाजार की धारणा प्रभावित होने से रुपया कमजोर रहा और रुपये के प्रति डालर 85.45 से 86.25 के दायरे में रहने की उम्मीद है। ”

इस बीच, अमेरिका में प्रशुल्क बढ़ाये जाने से व्यापार क्षेत्र में बढ़ रहे तनाव के कारण सोना भारतीय बाजार में 550 की बढ़त के साथ 98,350 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। रुपये के कमजोर पड़ने से सोना एक पसंदीदा सुरक्षित निवेश बन गया है। श्री त्रिवेदी की राय में तकनीकी रूप से सोने में 97,500-99,500 के व्यापक दायरे में घट बढ़ होने की संभावना दिखती है।

अन्य विदेशी मुद्राओं में पौंड (ब्रिटेन ) 115.7009 रुपये, यूरो 100.2752 रुपये और जापानी येन (प्रति सैकड़ा) 58.3800 रुपये पर था।

Next Post

आयकर विभाग ने कई स्थानों पर शुरू किया सत्यापन अभियान

Mon Jul 14 , 2025
नयी दिल्ली, 14 जुलाई (वार्ता) आयकर विभाग ने कर चोरी रोकने के लिए सोमवार को 150 परिसरों पर सत्यापन अभियान की शुरुआत की जिसमें गलत तरीके से छूट का दावा करने वाले व्यक्तियों और कंपनियों को निशाना बनाया जा रहा है। वित्त मंत्रालय ने बताया कि कर लाभ के गलत […]

You May Like