प्रवासी मज़दूरों के उत्पीड़न के ख़िलाफ़ ममता उतरेंगी सड़कों पर

कोलकाता 13 जुलाई (वार्ता) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित प्रदेशों में प्रवासी मजदूरों के उत्पीड़न के खिलाफ 16 जुलाई को विरोध प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतरेंगी।

विरोध मार्च दोपहर एक बजे उत्तरी कोलकाता के कॉलेज स्क्वायर से शुरू होगा और मध्य कोलकाता के एस्प्लेनेड स्थित डोरीना क्रॉसिंग पर समाप्त होगा।

प्रदेश की वित्त राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,“हम स्तब्ध हैं – यह कैसा देश है, अगर आप भाजपा शासित राज्य में बंगाली हैं, तो क्या आप अब भारत के नागरिक नहीं हैं , बंगाल की पहचान का बार-बार अपमान किया जा रहा है और केंद्र सरकार इन आपराधिक कार्रवाइयों को बढ़ावा दे रही है।”

उन्होंने कहा,“लोग डरे हुए हैं। सिर्फ़ बंगाली होने के कारण उनके बिजली और पानी के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। यहाँ तक कि पहचान पत्र भी बेकार साबित हो रहे हैं। इसके अलावा एनआरसी का डर भी है। हम इन अत्याचारों की कड़ी निंदा करते हैं।”

यह विरोध प्रदर्शन दिल्ली और ओडिशा में बंगाल के प्रवासी मज़दूरों को बंगलादेशी रोहिंग्या होने का आरोप लगाकर कथित तौर पर उत्पीड़न तथा गलत तरीके से हिरासत में लेने के आरोप के बाद शुरु हुआ है।

उन्होंने कहा कि कथित तौर पर लोगों के साथ सिर्फ़ बंगाली बोलने के कारण दुर्व्यवहार किया जा रहा है, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएँ काट दी जा रही हैं। कुछ मामलों में उन्हें जबरन सीमा पार बंगलादेश में वापस धकेल दिया गया, जिसके बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने उन्हें वापस लाने के लिए हस्तक्षेप किया।

सुश्री बनर्जी ने कुछ दिन पहले अपने एक्स हैंडल पर इस मामले पर अपना आक्रोश व्यक्त किया था। उन्होंने लिखा कि अब वह इस कथित दुर्व्यवहार के विरोध में व्यक्तिगत रूप से आगे आ रही है।

सुश्री चंद्रिमा ने यह भी दोहराया कि सुश्री ममता बनर्जी पहले भी ऐसी कार्रवाइयों का विरोध कर चुकी हैं और फिर से करेंगी। उन्होंने औपचारिक रूप से घोषणा की कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विरोध मार्च 16 जुलाई को कॉलेज स्क्वायर से डोरीना क्रॉसिंग तक होगा। उसी दिन दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक विभिन्न ज़िलों में भी विरोध प्रदर्शन होंगे। दिल्ली में भी एक विरोध कार्यक्रम की योजना है।

Next Post

रूहानियत: अजहर हाशमी के गीतों की कलाकारों ने दी संगीतमय प्रस्तुति

Sun Jul 13 , 2025
रतलाम: अजहर हाशमी के सूफियाना अंदाज में लिखे गीतों की संगीतमय प्रस्तुति का कार्यक्रम रूहानियत रविवार को आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध युवा संगीतकार सिद्धार्थ कश्यप, अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार ने की।श्री कश्यप ने कहा कि अजहर हाशमी साहित्य के इनसाइक्लोपीडिया थे। उनका ज्ञान-कोष इतना समृद्ध था कि […]

You May Like