इंदौर: खंडवा रोड पर सिमरोल क्षेत्र में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया. यात्रियों से भरी एक बस असंतुलित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिससे करीब 10 यात्री घायल हो गए. घायलों को एंबुलेंस की मदद से एमवाय अस्पताल भेजा है.घटना सुबह चोरल के पास हुई, जब इंदौर से बुरहानपुर जा रही यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई.
सूचना मिलते ही सिमरोल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला. डीएसपी देहात उमाकांत चौधरी ने बताया कि हादसे में करीब दर्जनभर यात्री घायल हुए हैं. सभी को प्राथमिक उपचार के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है. पुलिस ने बस को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है.
