मुंबई, 11 जुलाई (वार्ता) भारतीय रिजर्व बैंक की शुक्रवार को जारी साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार चार जुलाई को समाप्त सप्ताह में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 3.049 अरब डॉलर घटकर 699.736 अरब डॉलर (5975266) करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।
उससे पिछले सप्ताह में, कुल विदेशी मुद्रा भंडार 4.849 अरब डॉलर बढ़कर 702.784 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया था। सितंबर 2024 के अंत में मुद्रा भंडार 704.885 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर को छू गया था।
इस वर्ष मार्च से विदेशी मुद्रा भंडार में कुल मिला कर 31.41 अरब डॉलर की वृद्धि हुई है, जबकि विदेशी मुद्रा भंडार एक साल में 42.581 अरब डॉलर बढ़ा है।
शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, चार जुलाई को समाप्त सप्ताह के अंत में विदेशी मुद्रा आस्तियां, 3.537 अरब डॉलर घटकर 591.287 अरब डॉलर पर आ गयी। ये आस्तियां विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे प्रमुख हिस्सा हैं।
डॉलर में व्यक्त इन अस्थियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी मुद्राओं का भंडार भी शामिल होता और इस तरह डॉलर के विरुद्ध इनकी विनिमय दर में परिवर्तन से इन सम्पत्तियों के आंकड़े प्रभावित होते हैं।
आलोच्य सप्ताह के दौरान स्वर्ण भंडार 34.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 84.846 अरब डॉलर, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 3.9 करोड डॉलर बढ़कर 18.868 अरब डॉलर और आईएमएफ में पड़ी भारत की आरक्षित मुद्रा 10.7 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.735 अरब डॉलर हो गया।
