भोपाल। रेलवे द्वारा अनियमित यात्राओं पर रोक लगाने के लिए सभी स्टेशनों पर नियमित रूप से विशेष टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं. इसी क्रम में संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर गुरूवार को सुबह से दोपहर 2 बजे तक ‘किलाबंदी’ टिकट चेकिंग अभियान का संचालन किया गया. इस अभियान का नेतृत्व शैलेन्द्र सिंह, मुख्य टिकट निरीक्षक, भोपाल ने किया तथा इसमें वाणिज्य विभाग के 16 टिकट चेकिंग स्टाफ ने सहभागिता की. जांच के दौरान स्टेशन के बाहर जाने वाले मार्गों की घेराबंदी की गई ताकि कोई भी यात्री बिना जांच के बाहर न निकल सके.
इस विशेष अभियान के अंतर्गत कुल 8 ट्रेनों के यात्रियों के टिकटों की जांच की गई. जांच के दौरान 85 यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए पाए गए, जिनसे ₹42,175/- की वसूली की गई. वहीं, 59 यात्री अनुचित टिकट के साथ यात्रा करते हुए पकड़े गए, जिनसे ₹30,650/- की राशि वसूल की गई. इसके अतिरिक्त 7 मामलों में बिना बुकिंग सामान ले जाने अथवा स्टेशन पर गंदगी फैलाने के लिए ₹1,400/- का जुर्माना वसूला गया. इस प्रकार इस ‘किलाबंदी’ टिकट चेकिंग अभियान के दौरान कुल 151 मामलों से ₹74,225/- का रेल राजस्व प्राप्त हुआ.
