नयी दिल्ली, 10 जुलाई (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए गुरुवार को कहा कि जलभराव रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं ताकि दिल्लीवासियों को मानसून के मौसम में परेशानी का सामना न करना पड़े।
श्रीमती गुप्ता ने बुधवार की शाम हुई तेज बारिश के कारण विभिन्न इलाकों में हुए जलभराव पर नाराजगी और चिंता व्यक्त की है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए किए हैं कि जलभराव रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि दिल्लीवासियों को मानसून के मौसम में परेशानी का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि भारी बारिश के बावजूद मिंटो रोड व आईटीओ चौराहे पर इसबार जलभराव नहीं हुआ। उन्होंने अफसरों को कहा कि इसी तरह की कार्यकुशलता उन्हें पूरी दिल्ली में दिखानी होगी।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों को बारिश के दौरान तुंरत व प्रभावी उपाय करने होंगे ताकि जलभराव से उपजी परेशानियों पर समय रहते काबू पाया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़कों के किनारे बनी उन नालियों की तुरंत और निरंतर जांच करें, जिनसे पानी निकलकर सड़क का जलभराव खत्म करता है। जहां भी वे बंद या अवरुद्ध हों, वहां उन्हें तुरंत साफ करवाया जाए।
मुख्यमंत्री ने आला अफसरों को यह भी निर्देश दिए कि वे फील्ड स्टाफ की ड्यूटी और जवाबदेही तय करें, ताकि जलभराव के कारणों के साथ-साथ जवाबदेही भी तय की जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलभराव रोकने के लिए विभागों को 24×7 निगरानीरखनी होगी। उन्होंने अफसरों को यह भी निर्देश दि कि इस मामलें में संबंधित विभागों का आपसी समन्वय बहुत जरूरी है, ताकि सभी विभाग जलभराव से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास करें और इस समस्या को समय पर कंट्रोल कर लें। उन्होंने कहा कि बहुत अधिक बारिश के चलते अगर जलभराव होता भी है तो उसे जल्द से जल्द क्लियर करने के उपाय कर दिए जाने चाहिए।
