
सीधी। कमर्जी पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली सिरप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर 90 शीशी ऑनरेक्स कफ सिरप जप्त किया। पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी उनि विवेक द्विवेदी के नेतृत्व में कमर्जी पुलिस ने कार्यवाही करते हुए अवैध मादक पदार्थ ऑनरेक्स कफ सिरप के अवैध विक्रेता को धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से करीब 18 हजार मूल्य की 90 शीशियां जप्त करते हुए उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट एवं ड्रग्स कंट्रोल अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी उनि विवेक द्विवेदी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम चिलरीकला निवासी रंजीत गौतम एक पीली बोरी में प्रतिबंधित कफ सिरप लेकर चुरहट से अपने घर आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर त्वरित कार्रवाई हेतु पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम चिलरीकला में संभावित स्थान पर घेराबंदी कर निगरानी कर रही थी। कुछ देर बाद एक संदिग्ध व्यक्ति बोरी लेकर आता दिखा, जो पुलिस को देखकर सोननदी की ओर भागने लगा।
