झारखंड बहुत समृद्ध, खनिज संपदा के सही उपयोग से बन सकता है पहले नंबर का राज्य : यादव

हजारीबाग (झारखंड), 16 मई  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि झारखंड बहुत समृद्ध राज्य है, यहां की खनिज संपदा का सही उपयोग हो तो ये देश का नंबर एक का राज्य बन सकता है।
डॉ यादव हजारीबाग के जेल मैदान, छतरो, बरही में भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान उन्होंने कहा कि ये भगवान बिरसा मुंडा की धरती है, लेकिन यहां जिन्हें वोट देकर मुख्यमंत्री बनाया गया, वो लोगों की आंखों में धूल झोंक रहे थे। लोगों की आंखों के सामने से माल लूटकर ले जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड इतना समृद्ध प्रदेश है कि इसकी खनिज संपदा का सही उपयोग हो जाए तो ये नंबर वन का राज्य हो सकता है। झारखंड की बात 1937 से प्रारंभ हो रही थी। इसका सपना पूरा करने में भाजपा ही आगे आई और स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई ने उस मांग को पूरा किया जिसका सपना सभी ने देखा था।
उन्होंने कहा कि जब अपने घर में धन संपदा और वैभव ठीक-ठाक हो जाए और घर के लोग गहरी नींद में सो जाते हैं तो माल कौन चुराता है..? ऐसा ही झारखंड के साथ हो रहा है।

डॉ यादव ने झारखंड के मंत्री आलमगीर पर निशाना साधते हुए कहा कि आप नाम भले ही आलमगीर रख लो लेकिन ये तो आपका ‘चोर गिर’ है। आप चोरी करोगे तो जेल जाओगे, कोई बचाने वाला आपको नहीं मिलेगा। यह नरेंद्र मोदी की सरकार है। इस देश में 2014 के बाद एक परिवर्तन आया और उस परिवर्तन करने वाले व्यक्ति ने डंके की चोट पर कहा था, ‘ना खाऊंगा ना खाने दूंगा।’
उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की पांच पीढ़ी दिल्ली में पैदा हुई, लेकिन कांग्रेस के लोग इतने कायर हैं कि एक भी बार दिल्ली से लड़कर मुकाबला करने की हिम्मत नहीं करते।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने नई शिक्षा नीति लागू कर आदर्श महापुरूषों को पाठ्यक्रम में शामिल किया। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के लिए पहली बार वोट मांगा, पहले वोट से उन्होंने देश से आतंकवाद को समाप्त कर दिया, दूसरे वोट से पांच साल के अंदर सुप्रीम कोर्ट के माध्यम से मुकदमे का फैसला हुआ, सरयू के किनारे अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का भूमि पूजन हुआ और धूमधाम से भगवान का गर्भ गृह में प्रवेश भी हुआ। अबकी बार का हमारा वोट भगवान श्री कृष्ण को मुस्कुराने के लिए देना चाहिए।

Next Post

मोटरसाइकिल के टक्कर में एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत

Thu May 16 , 2024
नरसिंहपुर, 16 मई  मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में आज दो मोटरसाइकिल के आमने-सामने की टक्कर में एक परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सांईखेडा पुलिस थाना इलाके में स्टेट हाईवे पर दो बाइक के आमने-सामने से भिंडत में एक ही परिवार के तीन […]

You May Like