
विदिशा। टीलाखंडी वार्ड 39 में वलभद्र स्कूल के सामने नई बस्ती के रहवासी 10 साल से सड़क और बिजली के खंभों की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जामुन के पेड़ से रघुवीर सिंह यादव के मकान तक की सड़क स्वीकृत हो चुकी है। ठेकेदार को वर्क ऑर्डर भी मिल चुका है। इसके बावजूद अब तक काम शुरू नहीं हुआ। रास्ता इतना खराब है कि पैदल चलना मुश्किल हो गया है। वाहन निकालते समय लोग गिर रहे हैं।
रहवासियों ने बताया कि भवन निर्माण के दौरान उनकी बिजली की केबल काट दी गई। इससे दो दिन तक घरों में बिजली बंद रही। बिजली विभाग ने एक ही पोल में सभी के कनेक्शन जोड़कर अस्थायी व्यवस्था की है। इससे कभी भी जान-माल का नुकसान हो सकता है।
लोगों ने कलेक्टर से मांग की है कि गली में दो बिजली के खंभे लगवाए जाएं। साथ ही ठेकेदार को जल्द आरसीसी सड़क निर्माण का निर्देश दिया जाए। रहवासियों ने आवेदन के साथ फोटो भी संलग्न किए हैं। आवेदन में रानी भार्गव, देवेश, राशी, रामधारी सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
