इंदौर: शहर में मोहर्रम मेले और मंदिर में हुई महाआरती के बीच सोशल मीडिया पर आई एक धमकी भरी पोस्ट से माहौल गरमा गया. कथित रूप से इंस्टाग्राम पर किए गए एक कमेंट में हिन्दूवादी कार्यकर्ता सुमित हार्डिया को ‘गर्दन काटने’ की धमकी दी गई, जिससे आक्रोशित हिन्दू संगठनों ने जूनी इंदौर थाने में पहुंचकर संबंधित युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
धोबीघाट-कर्बला मैदान पर तीन दिनों से मोहर्रम मेला चल रहा था. मंगलवार को मेले का आखिरी दिन था. इसी दौरान हनुमान मंदिर पर हिन्दू समाज की ओर से महाआरती का आयोजन किया गया था. इसके बाद इंस्टाग्राम पर सुफियान नामक युवक ने कुछ आपत्तिजनक पोस्ट और कमेंट किए, जिसे लेकर विवाद खड़ा हुआ. हिंदूवादियों का आरोप है कि सुफियान की पोस्ट में हिंसात्मक भाषा का प्रयोग किया गया, जिसमें सुमित हार्डिया को जान से मारने की धमकी दी गई थी.
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यकर्ता थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज करने की मांग की. जूनी इंदौर पुलिस ने मामले में सुफियान के खिलाफ धमकी और आपत्तिजनक पोस्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी युवक कहां का निवासी है और उसका सोशल मीडिया अकाउंट वास्तविक है या फर्जी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी
