
अनूपपुर। जिले के चचाई थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार की दोपहर एक 7 वर्षीय बालक की सोन नदी में डूबने से मौत हो गई। एसडीईआरएफ (राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल) की टीम ने करीब 1 घंटे की रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बच्चे के शव को नदी से बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
दोस्तों के साथ नहाने गया था नदी
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बालक बादल वासुदेव ग्राम कैल्होरी के मौहार टोला का निवासी था। वह अपने दोस्तों अंशु वासुदेव, पीयूष पटेल और अनुराग के साथ सोन नदी में नहाने गया था। नहाते समय बादल गहराई में चला गया और डूबने लगा।
बचाने की कोशिश नाकाम
घटना के समय अंशु वासुदेव ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह असफल रहा। इसके बाद बच्चों ने शोर मचाया और वहां मौजूद ग्रामीणों को जानकारी दी। ग्रामीणों ने चचाई थाना को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस बल और अनूपपुर एसडीओ सुमित केरकेट्टा मौके पर पहुंचे।
एसडीईआरएफ और स्थानीय गोताखोर ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही जिला होमगार्ड सेनानी के निर्देशन में प्लाटून कमांडर राम नरेश भवेदी के नेतृत्व में एसडीईआरएफ और होमगार्ड के 8 जवानों की टीम मौके पर पहुँची। जवानों में मुन्नालाल, शिवप्रताप सिंह, अनुज कुमार, सुनील सिंह, रामभरोसे सिंह, धन सिंह, अरुण मालवीय और प्रहलाद सिंह शामिल थे। स्थानीय गोताखोर छोटेलाल सहानी की मदद से सोन नदी में रेस्क्यू शुरू किया गया। लगभग 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे का शव बरामद कर लिया गया। शव को चचाई पुलिस ने पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
इनका कहना है
घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, परिजन और ग्रामीणों को सांत्वना दी गई है, और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
सुंद्ररेश सिंह मरावी, थाना प्रभारी चचाई
