अवैध कालोनी: कार्यपालन यंत्री, एई को नोटिस, उपयंत्री निलंबित

रीवा: निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे ने आज निगम सभागार में टी.एल. बैठक ली. इस दौरान अवैध कॉलोनियों, निर्माण कार्यों, टी.एल. पत्रों, सीएम हेल्पलाइन, सोशल मीडिया एवं माई रीवा सिटीजन ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. निगम आयुक्त ने जोनवार सभी अप्रारंभ निर्माण कार्यों को तीन दिवस के भीतर प्रारंभ करने के सख्त निर्देश दिए. सडक़ में अतिक्रमण किए जाने की शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि जो निगम की दुकानों द्वारा बाहर सामान फैलाकर किए जा रहे अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए.

साथ ही संबंधित दुकानदारों को दुकान निरस्ती की नोटिस जारी की जाए और पुनरावृत्ति होने पर दुकान निरस्त करने की कार्रवाई की जाए. इसके अतिरिक्त निराश्रित पशुओं पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाते हुए उन्हें हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए. अवैध कॉलोनियों पर सख्त रुख अपनाते हुए आयुक्त ने एफआईआर दर्ज कराने और अभियान चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए. जोन-04 में अवैध कॉलोनियों पर प्रभावी कार्रवाई न होने पर कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए.

जोन-01 में अवैध कॉलोनी पर एफआईआर दर्ज कराने में लापरवाही बरतने पर उपयंत्री हरेराम मिश्रा के निलंबन प्रस्तावित करने के निर्देश दिए. वैध हुई कॉलोनियों में कॉलोनी विकास शुल्क जमा कराने में अपेक्षित प्रगति न होने पर कैंप लगाकर शुल्क जमा कराने के निर्देश भी दिए. जर्जर भवनों की स्थिति पर आयुक्त ने कहा कि तत्काल सभी जर्जर एवं भयप्रद भवनों का सर्वे कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, बैठक में उपायुक्त प्रकाश द्विवेदी, एमएस सिद्दीकी, कार्यपालन यंत्री एचके त्रिपाठी, राजेश सिंह, सहायक आयुक्त शीतल भलावी, रामनरेश तिवारी, केएन साकेत, सहायक यंत्री एसके गर्ग, पीएन शुक्ला, राजेश मिश्रा मौजूद रहे.

Next Post

DIG: रील बनाने पर अब पुलिसकर्मियों पर होगी सख्त कार्यवाही

Tue Jul 8 , 2025
रीवा:पुलिस कर्मी अब वर्दी या सिविल में अपनी रील बनाकर सोशल मीडिया में वायरल या अपलोड नही कर पाएगे. अगर ऐसा करते है तो अनुशासनहीनता मानते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी. रीवा जोन के डीआईजी राजेश सिंह ने सभी जिले के पुलिस अधीक्षको को पत्र जारी किया है. […]

You May Like