
नरसिंहपुर। नरसिंहपुर- जबलपुर मार्ग पर रविवार शाम एक बार फिर राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा का संवेदनशील चेहरा सामने आया। सरसला गांव के पास हुए एक सडक़ हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक को तड़पता देख सांसद ने न सिर्फ अपना काफिला रुकवाया, बल्कि अपनी फॉलो गाड़ी (सुरक्षा वाहन) से उसे तत्काल अस्पताल भिजवाकर उसकी जान बचाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रमखिरिया निवासी 35 वर्षीय सुरेंद्र ठाकुर रविवार शाम करीब 5 बजे अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान सरसला गांव के समीप वह एक अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्घटना का शिकार हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुरेंद्र के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर सडक़ पर ही गिर पड़े। दुर्घटना देख राहगीर और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए आगे आए। लोगों ने बिना वक्त गंवाए डायल 112 और एम्बुलेंस को सूचना दी और मौके पर वाहन के पहुंचने का इंतजार करने लगे। घायल युवक सडक़ पर पड़ा था और ग्रामीण मदद के इंतजार में खड़े थे, तभी वहां से राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा का काफिला गुजरा। सडक़ पर मजमा और घायल युवक को देख सांसद तन्खा ने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई। वे खुद वाहन से नीचे उतरे और स्थिति का जायजा लिया। एम्बुलेंस आने में हो रही देरी को देखते हुए उन्होंने मानवीयता दिखाई और अपने काफिले में शामिल फॉलो गाड़ी में घायल सुरेंद्र ठाकुर को सजगता से रखवाया। इसके बाद वाहन को तुरंत नजदीकी रोसरा स्वास्थ्य केंद्र के लिए रवाना किया।
रोसरा स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने सुरेंद्र के सिर की गंभीर चोट को देखते हुए उन्हें तत्काल आईसीयू, आपातकालीन वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया है। समय पर इलाज मिलने से युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है। इधर, घटना की सूचना मिलने के कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए हैं और एक्सीडेंट कर फरार हुए अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
