
अनूपपुर।जिला मुख्यालय अनूपपुर से सामतपुर, हर्री और बर्री गांवों को जोड़ने वाला पुल दो वर्षों से निर्माणाधीन है, जिसकी लागत 7.40 करोड़ है। लेकिन पुल निर्माण की रफ्तार इतनी धीमी है कि अब तक केवल कुछ पिलर ही खड़े हो पाए हैं। बारिश के कारण तिपान नदी में जलस्तर बढ़ने से निर्माण कार्य आगामी 3-4 महीनों तक ठप रहने की संभावना है। नदी के बीच बनी अस्थायी पगडंडी—जो ग्रामीणों का एकमात्र सहारा थी, बारिश के पानी में डूब चुकी है, जिससे आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है। इस पुल के न बनने से सामतपुर, हर्री, बर्री, कोलमी, अमगंवा, छुलकारी और फुनगा सहित करीब 28 गांवों के सैकड़ों लोगों को रोजाना 4-5 किलोमीटर लंबा चक्कर काटकर जिला मुख्यालय आना-जाना पड़ रहा है।
दो साल से अधूरा, नहीं दिख रही गंभीरता
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मध्यप्रदेश सेतु निगम द्वारा निर्माण कार्य में शुरुआत से ही गंभीरता नहीं दिखाई गई। ग्राम हर्री निवासी सियालाल राठौर ने बताया कि दो साल से काम हो रहा है, लेकिन अब तक पुल तैयार नहीं हुआ। पहले लोग नदी के किनारे बनी पगडंडी से आते-जाते थे, लेकिन अब बारिश में यह रास्ता डूब जाता है। सामतपुर के विजय राठौर ने बताया कि पुल टूटने के कारण गांव के बच्चों को स्कूल जाने के लिए अब रोज 5 किलोमीटर का लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। इससे बच्चों को थकान होती है और उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद पुल निर्माण की गति बेहद धीमी बनी हुई है।
कब बनेगा पुल?
यह पुल अनूपपुर जिला मुख्यालय से सामतपुर-हर्री-बर्री होते हुए फुनगा तक संपर्क मार्ग का हिस्सा है। 9 अक्टूबर 2019 को पुल का एक हिस्सा नदी में धंस गया था, जिसके बाद से वाहनों की आवाजाही बंद है। 2020 में सामतपुर की ओर से दूसरा छोर भी क्षतिग्रस्त हो गया।
स्वीकृति और निर्माण की स्थिति
पुल निर्माण के लिए पहले 6.80 करोड़ रुपए का प्रस्ताव तैयार किया गया था, जिसे बढ़ाकर 7.40 करोड़ की मंजूरी दी गई। लोक निर्माण विभाग भोपाल द्वारा 4 अक्टूबर 2021 को आदेश जारी किया गया था। प्रदेश के पूर्व खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह द्वारा सितंबर 2020 में पुल निर्माण की मांग मुख्यमंत्री से की गई थी, जिस पर सहमति मिली थी।जिला पंचायत अनूपपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय वशिष्ठ शर्मा ने बताया कि सेतु निगम को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। लेकिन जमीन पर फिलहाल कोई ठोस प्रगति नजर नहीं आ रही।
