मुंबई, 07 जुलाई (वार्ता) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे और पालघर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा राज्य में भारी बारिश और अलग-अलग क्षेत्रों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवायें चलने का अनुमान है।
आईएमडी ने रायगढ़ और रत्नागिरी जिले में अतिवृष्टि का भी सोमवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
मध्य प्रदेश पर बने चक्रवाती प्रभाव से मध्य महाराष्ट्र के कोंकण और घाट क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश और तेज़ हवा चलेगी। वर्तमान परिस्थितियों के अनुसार आज सुबह नौ बजे तक मुंबई में 80 प्रतिशत आर्द्रता और 31 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवायें चलीं।
राज्य में जारी की गयी चेतावनी की अवधि के दौरान न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पास रहेगा।
बारिश के इस मौसम के दौरान अभी तक कोलाबा में 684 मिमी और सांताक्रूज वेधशालाओं में 649 मिमी बारिश दर्ज की गयी, जो मुंबई के वार्षिक औसत का 26.81 प्रतिशत है और पिछले वर्ष की इसी अवधि के दौरान क्रमशः 558 मिमी और 443 मिमी बारिश हुयी थी।
इस साल बारिश से जल भंडारण क्षेत्र में काफी हद तक पानी भर गया है। वर्तमान जलाशयों में ऊपरी वैतरणा 71.50 प्रतिशत, मोदक सागर में 75.46 प्रतिशत, तानसा में 60.43 प्रतिशत, मध्य वैतरणा में 71.66 प्रतिशत, भटसा में 50.19 प्रतिशत, विरार में 45.62 प्रतिशत और तुलसी में 44.43 प्रतिशत भंडारण क्षमता है।
आईएमडी के अनुमान के मुताबिक आने वाले सप्ताह में लगातार हल्की बारिश हो सकती है और सोमवार को अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं, जिससे न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। 10 से 11 जुलाई तक महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे (60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति) की हवायें चलने का अनुमान है। मछुआरों को इन क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गयी है, जबकि महाराष्ट्र, गोवा और गुजरात के तटों पर ऊंची लहरों की चेतावनी जारी की गयी है, जबकि उत्तरी महाराष्ट्र के लिए स्थानीय चेतावनी संकेत सक्रिय हैं।
