पुलिस कर रही मामले की जांच
रीवा:प्रदेश में साइबर ठगी के मामले थमने का नाम नही ले रहे है. लगातार लोगो को साइबर ठग अपना शिकार बना रहे है. रीवा के सिटी कोतवाली थाना अन्तर्गत बिछिया चौपड़ा स्कूल के पास रहने वाले एक वृद्ध ने लायसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली. देर रात परिजनो को इसकी जानकारी हुई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.जानकारी के मुताबिक चौपड़ा स्कूल के पास रहने वाले सरोज दुबे पिता मन्नेलाल 65 वर्ष ने अपनी लायसेंसी बंदूक से गोली मार कर जीवनलीला समाप्त कर ली.
घर के बाहर तालिया के ढोल बज रहे थे जिसके चलते गोल की आवाज सुनाई नही दी. मृतक सरोज दुबे कैश वैन में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे और साइबर फ्राड़ होने के बाद कई दिन से बेहद तनाव में थे. बताया गया है कि घर में अपनी पत्नी के साथ रहते थे और काफी परेशान चल रहे थे. वृद्ध सरोज को साइबर ठगो ने अपना शिकार बनाया, उनके दामाद उमेश ने बताया कि पुलिस की वर्दी पहन कर ठगो ने वीडियो काल के माध्यम से डऱाया था.
जिससे तंग आकर 50 से 60 हजार रूपये ठगो को दे चुके थे. रिश्तेदार और मित्रो से 37 हजार रूपये लेकर ठगो को भेजे थे और पैसे देने के बाद भी लगातार ठग गिरोह पैसे की मांग कर रहा था. जब इसकी जानकारी घर वालो को हुई तो थाने में शिकायत करने की सलाह दी गई पर इसके पहले ही तंग आकर वृद्ध सरोज ने खुद को गोली मार ली. रात में ही जानकारी होने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
साइबर फ्राड़ की शुरू की गई जांच: एसपी
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि वृद्ध सरोज दुबे ने साइबर ठगो से परेशान होकर यह आत्मघाती कदम उठाया है. पूरे मामले की जांच की जा रही है, उनके साथ साइबर ठगी हुई है. साइबर टीम मोबाइल लेकर पूरे मामले की जांच कर रही है. परिजनो से भी पूरे मामले में पूंछताछ की गई है, जो भी तथ्य सामने आएगें उसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी.
