सोहागपुर। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस के कार्यक्रम में मढ़ई क्षेत्र की दो महिला कर्मियों ने सीएम से प्रत्यक्ष संवाद किया है। सतपुड़ा टाईगर रिजर्व असिस्टेंट डायरेक्टर अंकित जामोद ने बताया कि सहकारिता दिवस के इस आयोजन में विभिन्न सहकारी साख संस्थाओं के कार्यकर्ता सम्मिलित हुए। रिजर्व क्षेत्र से भी सहकारी युवा संवाद कार्यक्रम में सतपुड़ा वर्कर्स साख एवं कामगार सोसायटी नर्मदापुरम् के सदस्य सम्मिलित हुए। सभी सहकारी साख समितियों के कार्यकर्ताओं से मप्र के मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने सीधी बात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सतपुड़ा वर्कर्स साख एवं कामगार सोसाइटी नर्मदापुरम मढ़ई की वाहन चालक कुमारी संगीता एवं गाईड गणेशा से संवाद किया। कुमारी संगीता एवं गणेश ने बड़ी ही बेबाकी से अपनी सोसाइटी के द्वारा कर्मचारियों के उत्थान बाबत किये जा रहे कार्यों का विवरण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि किस तरह से वन एवं वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ आदिवासी क्षेत्र के युवाओं के रोजगार के लिए उनकी समिति कार्य कर रही है।
