नई दिल्ली, 05 जुलाई (वार्ता) 59वीं दिल्ली राज्य सब-जूनियर और जूनियर तैराकी चैंपियनशिप में नॉर्थ दिल्ली डिस्ट्रिक स्विमिंग एसोसिएशन की खुशी भट्ट ने दो स्वर्ण पदक जीत लिये। शनिवार को राजधानी स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी तरणताल परिसर में चल रही इस चैंपियनशिप के दूसरे दिन खुशी और अर्णव त्यागी ने अपना दूसरा गोल्ड जीता।
200 मीटर बालिका अंडर-17 बटरफ्लाई स्पर्धा में खुशी भट्ट ने 2 मिनट 42.63 सेकेंड समय के साथ चैम्पियनशिप का अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता। यजुशा दहिया को दूसरे और श्रेया गुप्ता को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। इस स्पर्धा के बालक वर्ग में अर्णव त्यागी (2:16.42) ने बाजी मारी। गर्वांश शर्मा ने रजत और तनुष अरोड़ा ने कांस्य पदक जीता।
1500 मीटर फ्री-स्टाइल अंडर-17 बालक वर्ग में युवराज सिंह (17:21.96) विजेता बने। वंश सुहाग को रजत और तनुष झांजी को कांसा मिला। इस स्पर्धा के बालिका वर्ग में अनन्या रावत ने (19:11.80) स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रकृति दहिया को दूसरा और पाखी लांबा को तीसरा स्थान मिला।
100 मीटर बालिका अंडर-14 ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में ऑसम (1:25.04) ने गोल्ड मेडल जीता। अवनी रामचंदानी ने रजत और खनक जैन ने कांस्य पदक हासिल किया।
50 मीटर बालिका अंडर-17 बटरफ्लाई स्पर्धा का गोल्ड मेडल खुशी भट्ट ने 31.46 सेकेंड समय निकालकर जीता। यजुशा दहिया और निश्ता पाटले क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं। इस स्पर्धा के बालक वर्ग में अर्णव त्यागी 26.22 सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे। रियान राजीब और गर्व्यांश शर्मा को क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान मिला।
बालिका अंडर-14 के 50 मीटर बटरफ्लाई में सेहर पुरी 31.20 सेकेंड समय के साथ सबसे आगे रहीं। सौम्य सचदेवा ने दूसरा और नूपुर पाठक ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा के बालक वर्ग में कणव खुराना 32.46 सेकेंड समय निकालकर अव्वल रहे। कार्तिक शर्मा ने रजत और लाभांश गौड़ ने कांसा जीता।
100 मीटर बालक अंडर-14 बैकस्ट्रोक स्पर्धा में ऐरोन इमैउनुअल (1:32.94) ने गोल्ड, विशु मौर्य ने रजत और देव वत्स ने कांस्य जीता। बालिका वर्ग में सेहर पुरी (1:15.29) शीर्ष पर रहीं जबकि अवनी रामचंदानी को दूसरा और अमर्या पुरी को तीसरा स्थान मिला।
अंडर-12 बालक 100 मीटर बैकस्ट्रोक का स्वर्ण विराट (1:13.86) ने जीता। मंयक और अद्वैत टोकस को क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान मिला। बालिका वर्ग का स्वर्ण सिद्धी राठी (1:21.75) ने जीता जबकि रिथ्वी भट्टाचार्य को रजत और अराध्य कादियन को कांस्य मिला।

