पर्यटन, कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में बढ़ेगी उप्र-जापान की साझेदारी

लखनऊ, 05 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश और जापान के बीच तकनीकी सहयोग, निवेश, युवाओं के कौशल विकास और पर्यटन जैसे चार प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी होगी।

जापान के राजदूत ओनो केइची ने शुक्रवार देर शाम उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से यहां शिष्टाचार भेंट की और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। दोनों पक्षों ने इन क्षेत्रों में व्यापक सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति जतायी। जापान के राजदूत ने गत आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश में हुये सकारात्मक परिवर्तन और विकास कार्यों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जापानी कंपनियां उत्तर प्रदेश को निवेश के लिए एक भरोसेमंद और सकारात्मक वातावरण वाला राज्य मानती हैं।

बैठक के दौरान यह तय किया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही जापान का दौरा करेगा। यह दौरा ग्रीन हाइड्रोजन, इलेक्ट्रॉनिक्स और विशेष रूप से सेमीकंडक्टर तकनीक के क्षेत्र में साझेदारी के अवसरों को तलाशने के लिए होगा। साथ ही, जुलाई के अंतिम सप्ताह में आयोजित होने वाले विश्व एक्सपो, ओसाका में भी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्रीन एनर्जी और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में जापानी निवेश और तकनीकी सहयोग का स्वागत करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मेट्रो परियोजनाओं के अलावा शहरी गतिशीलता के अन्य आधुनिक मॉडल को भी अपनाने के लिए तैयार है।

बैठक में उत्तर प्रदेश के युवाओं के कौशल को विकसित करने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा हुई। इसमें विशेष रूप से जापान में रोजगार के अवसरों को ध्यान में रखते हुए, मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि राज्य सरकार जापान के साथ मिलकर युवाओं को प्रशिक्षित करेगी, ताकि वे वहां नौकरी के योग्य बन सकें। पर्यटन के क्षेत्र में भी दोनों देशों के बीच गहरा सहयोग स्थापित करने को लेकर सहमति बनी। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत का आध्यात्मिक केंद्र है, जहां हिंदू धर्म, बौद्ध धर्म और जैन धर्म से जुड़े अनेक ऐतिहासिक स्थल हैं। यह जापानी नागरिकों के लिए भी सहज आकर्षण का केन्द्र है।

ओनो केइची ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आधारभूत ढांचे, सड़क और रेल नेटवर्क तथा हवाई संपर्क के क्षेत्र में हुए कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि यह राज्य अब वैश्विक निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बनाये गये सकारात्मक माहौल को जापानी कंपनियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने इस सहयोग को औपचारिक रूप देने और शीघ्र ही ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति जतायी।

 

 

Next Post

दुर्गा पूजा के अवसर पर रिलीज होगी अभिर चटर्जी की फिल्म रक्तबीज 2

Sat Jul 5 , 2025
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email मुंबई, 05 जुलाई (वार्ता) जानेमाने अभिनेता अभिर चटर्जी की फिल्म रक्तबीज 2, दुर्गापूजा के अवसर पर रिलीज होगी। अभिर चटर्जी, वर्षों से दुर्गा पूजा ब्लॉकबस्टर्स का पर्याय बन चुके हैं। कर्णसुबर्णेर गुप्तधन ने जहां व्यावसायिक सफलता की […]

You May Like