
ग्वालियर। शहर में कई जगह जलभराव की स्थिति को लेकर महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने निगमायुक्त को पत्र लिखकर कहा है कि ड्रेनेज सिस्टम की सुचारू स्थाई व्यवस्था हेतु विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करें जिससे शहर की इस समस्या का स्थाई निराकरण हो सकें।
महापौर डॉ. सिकरवार द्वारा निगमायुक्त को लिखे गए पत्र में कहा गया कि विगत वर्षों से लगातार देखा जा रहा है कि वर्षा ऋतु में शहर में कई जगह जलभराव की स्थिति निर्मित हो जाती है तथा जन-जीवन ठप्प हो जाता है व आमजन की परेशानी बढ़ जाती है और वह व्यवस्था को कोसने लगता है। इस वर्ष भी उक्त स्थिति निर्मित न हो इसके लिए लगातार बैठक कर प्रभावी कार्य योजना बनाकर कार्य सम्पादित कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया। किंतु वर्षा के आगमन के साथ ही पूरे शहर में जैसे हरिशंकरपुरम, माधवनगर, दीनदयाल नगर, आदित्यपुरम, सनवैली, सिरोल आदि स्थानों पर जलभराव की शिकायतें मिलने लगी तथा व्यवाहरिक परेशानियों के चलते निराकरण में लगने वाले समय से आमजन के आक्रोश का सामना जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ अधिकारियों को भी करना पड़ा। इस स्थिति को दृष्टिगत रखते हुये यह सुनिश्चित किये जाने कि इस तरह की अव्यवस्था की पुनरावृति न हो इसके लिए ग्वालियर शहर की इस समस्या का स्थाई निराकरण किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
