सिंघार का आदिवासी युवक के साथ अमानवीय व्यवहार का आरोप, प्रशासन का इंकार

भोपाल, छिेंदवाड़ा, 03 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने छिंदवाड़ा जिले के एक आदिवासी युवक के साथ अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है।
हालांकि प्रशासन ने इससे इंकार करते हुए बताया है कि मामले में फरियादी ने जो प्रकरण दर्ज कराया है, उसमें कहीं भी अमानवीय व्यवहार का कोई जिक्र नहीं किया गया है।
श्री सिंघार ने आज एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ”मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा ज़िले के एक आदिवासी युवक राजकुमार बट्टी ने हर्रई क्षेत्र के ढाबा संचालक पर 29 जून की रात उसके साथ मारपीट करने तथा कथित रूप से मुँह में थूकने और पेशाब करने का आरोप लगाया। युवक के अनुसार वह ढाबे पर काम करता और अपने बकाया पैसे मांगने गया था। प्रदेश में हर रोज़ संगीन अपराधों के मामले सामने आ रहे हैं। सरकार को सख्त कदम उठाकर इन घटनाओं पर लगाम लगानी चाहिए।”
इसी क्रम में छिंदवाड़ा जिला प्रशासन ने इस संबंध में अमरवाड़ा एसडीएम से प्राप्त जानकारी के हवाले से सोशल मीडिया पर बताया कि राजकुमार बट्टी निवासी ग्राम तुईयापानी के साथ 29 जून को मारपीट हुई थी। उनके चचेरे भाई आफत बट्टी और भाई नवीन बट्टी राजा चौकसे के ढाबे में काम करते थे। पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद के बाद आफत और नवीन ढाबे से काम छोड़कर लौट आए थे। इसके कुछ देर बाद राजा चौकसे, गोलू मालवीय और अंकित कहार उनके घर पहुंचे और कहासुनी के बाद राजकुमार बट्टी के साथ मारपीट की। जब उन्होंने शोर मचाया तो भाई नवीन बट्टी और पत्नी जानकी बट्टी बीच-बचाव के लिए आए, जिनके साथ भी मारपीट की गई। इस घटना की रिपोर्ट राजकुमार बट्टी द्वारा थाना अमरवाड़ा में दर्ज कराई गई थी, जिसमें कहीं भी अमानवीय कृत्य की बात दर्ज नहीं है।

Next Post

करौंदिया के जंगल में मिली महिला की खोपड़ी और कंकाल

Thu Jul 3 , 2025
सीधी। जिले के सेमरिया थानांतर्गत करौंदिया के जंगल में एक महिला का कंकाल मिलने से सनसनी फ़ैल गई। सूचना मिलते ही सेमरिया थाना प्रभारी केदार परौहा भी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। मिली जानकारी के अनुसार आज करौंदिया गांव के समीप जंगल में एक महिला का मानव कंकाल […]

You May Like