
इटारसी। आज आयुध निर्माणी इटारसी में सुबह 7 बजे से कर्मचारियों ने BPMS के आह्वान पर प्रदर्शन कर नारेबाजी शुरू कर दी।
कर्मचारियों ने अपनी मांगों का ज्ञापन मुख्य महाप्रबंधक आलोक कुमार अग्रवाल को सौंपा। प्रमुख मांगों में आठवें वेतन आयोग का तत्काल गठन, समान पदस्थ गैर याचिकाकर्ता कर्मचारियों को न्यायिक फैसलों में राहत और नई पेंशन स्कीम के स्थान पर पुरानी पेंशन स्कीम की बहाली शामिल है।
स्थानीय स्तर पर कर्मचारियों ने अनुकंपा नियुक्ति की मांग की। साथ ही जर्जर आवासों के स्थान पर नए आवास निर्माण और पुराने उत्पादन संयंत्रों को बदलकर उच्च गुणवत्ता वाले नए संयंत्र लगाने की मांग रखी। कर्मचारियों ने उत्पादन लक्ष्य प्राप्ति के लिए समय पर कच्चा माल और हार्डवेयर की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी की।
कार्यक्रम में जेसीएम तृतीय स्तर अमित बाजपेयी, यूनियन अध्यक्ष कुलदीप चौधरी, कार्यकारी अध्यक्ष नरेंद्र मेघवाल और महामंत्री श्रीकृष्ण शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
