जबलपुर: संजीवनी नगर अंतर्गत अंधमूक वाइपास धनवंतरी नगर में ट्राला चालक से मारपीट कर ट्राला में लोड सरिया सहित ट्राला लूटने वाला फरार वारंटी पांच साल बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।टीआई बी.डी. द्विवेदी ने बताया कि 28 दिसम्बर 2020 को अंधमुख वाइपास धनवंतरी नगर में 18 चक्का ट्राला क्रमांक सीजी 04 एचवाई 9155 जिसमें टीएमटी लोहे की सरिया 33 टन 840 के.जी. कीमती 19 लाख 28 हजार 125 रूपये की लोड थी को कार में सवार 4 लडके ट्राला के ड्राईवर के साथ मारपीट कर ट्राला को लेकर भाग गये थे।
ट्राला के ड्राईवर राजेश बर्मन 40 वर्ष निवासी माण्डवा बस्ती रामपुर गोरखपुर की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले में अनुरूद्ध उर्फ अर्पित अवस्थी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गयी तो अर्पित अवस्थी ने शमीम एवं उसके साथियों से लोहे से भरा ट्राला 7 लाख 50 हजार रूपये में खरीदना बताया था। आरोपी के कब्जे से लूटा हुआ ट्राला एवं सरिया कीमती लगभग 42 लाख रूपये का जप्त करते हुये ट्राला मय सरिया के छीनने वाले बहोरीबंद जिला कटनी निवासी शमीम, सद्दाम, एवं सोनू उर्फ इमरान को गिरफ्तार कर लिया गया था.
प्रकरण का एक आरोपी तारिफ खान फरार था जिसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किये जो गिरफ्तार नहीं किया जा सका। फरार आरोपी तारिफ खान की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट जारी किया गया था। संजीवनी नगर पुलिस को सूचना मिली तारिफ खान अमखेरा खजरी खिरिया में रहने वाले अपने रिश्तेदार के घर आया हुआ है। सूचना पर दबिश देते हुए तारिफ पिता शहीद खान 28 वर्ष निवासी ग्राम तमुरिया थाना बहोरीबंद जिला कटनी हाल ग्राम जुरहरी थाना जुरहरा जिला भरतपुर राजस्थान को गिरफ्तार किया गया।
