
सीहोर. बीते तीन दिन से मामूली बूंदाबांदी करने वाले बादल रविवार को आखिरकार बरस ही पड़े. दिन भर धीमी व तेज बारिश का सिलसिला बना रहा, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल गई. पूर्वी क्षेत्र में बने नए साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते पहली बार बारिश की झड़ी लगी है जिससे पिछले साल से अब तक 15 फीसदी कोटा पूरा हो गया है.
बीते कुछ दिनों से जिले के अन्य क्षेत्रों में बादल जमकर बरस रहे थे जबकि सीहोर तहसील में महज बूंदाबांदी ही हो रही थी. रविवार को एक बार फिर से मौसम बदल गया. पिछले दो दिन से शहर में बादल तो छाए थे, लेकिन तेज बारिश नहीं हो रही थी, ऐसे में रविवार को सुबह से ही रुक-रुककर तेज बारिश होती रही. ऐसा लग रहा था कि मानो सावन की झड़ी लगी हो. ऐसे में जिले में अब तक कुल 168.9 मिमी औसत बारिश रिकार्ड हो चुकी है. जो जिले की सामान्य औसत का 15 फीसदी है. यानी कि अब तक जिले में बारिश का 15 प्रतिशत कोटा पूरा हो चुका है. यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में 4 फीसदी ज्यादा है. पिछले साल अब तक जिले में मात्र 129.5 मिमी औसत बारिश रिकार्ड हुई थी. मौसम विभाग का मानना है कि अभी कुछ दिन और ऐसा ही मौसम रहेगा. इस दौरान जंगल वाले क्षेत्र और पहाड़ी क्षेत्र में अचानक भारी बारिश हो सकती है.
वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान जिले में भारी बारिश के संकेत दिए हैं. आरएके कॉलेज स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के विशेषज्ञ डॉ. सत्येंद्र सिंह तोमर ने बताया कि इन दिनों एक ट्रफ लाइन उत्तर-पूर्व अरब सागर से दक्षिण गुजरात, मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है. जिससे लो प्रेशर एरिया सक्रिय है.
