साथ में शराब पीकर झगड़ने के बाद वारदात; आरोपी गिरफ्तार
इंदौर: गुरुशंकर नगर क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला की उसके ही साथी ने सिर दीवार पर पटक-पटककर बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन कुछ घंटों में ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.द्वारकापुरी थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि मृतका की पहचान 50 वर्षीय बसुबाई के रूप में हुई है.
शनिवार देर रात बसुबाई की बेटी जमना ने थाने पर फोन कर मां की हत्या की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. प्राथमिक जांच में सामने आया कि बसुबाई और उसका लिव-इन पार्टनर रवि रात को एक साथ शराब पी रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. गुस्से में रवि ने बसुबाई के बाल पकड़े और उसका सिर दीवार से कई बार पटका. अधिक खून बहने और गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद रवि वहां से भाग निकला, लेकिन पुलिस की टीम ने दबिश देकर उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया.
रवि मजदूरी करता है और बसुबाई के साथ वह पिछले डेढ़ साल से रह रहा था. बसुबाई मूल रूप से खंडवा की रहने वाली थी. उसका पहले विवाह हो चुका था और पहले पति से उसे पांच संतानें हैं. चार बच्चे खंडवा में ही रहते हैं, जबकि एक बेटी जमना मां के साथ इंदौर में रह रही थी. पुलिस ने बसुबाई के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है. वहीं, आरोपी रवि से हत्या के कारणों को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है, शाम को इस मामले में पुलिस प्रेस वार्ता के माध्यम से पूरी जानकारी देंगी.
