कांग्रेस ने महाराष्ट्र, हरियाणा की वोटर लिस्ट, वीडियो रिकार्डिंग मांगी

नयी दिल्ली, 26 जून (वार्ता) कांग्रेस ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के मतदाताओं की सूची, मतदान के दिन की वीडियो रिकॉर्डिंग तथा मतदान मशीन की रीडेबल कॉपी उपलब्ध कराने की मांग की है।

कांग्रेस ने चुनाव आयोग सचिवालय के सचिव अश्विनी कुमार मोहल को 25 जून को लिखे दो पेज के पत्र में कहा है कि महाराष्ट्र तथा हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जिन सवालों को उठाया है उन्हें लेकर आयोग ने 12 जून को जो जवाब दिया है ,उसके मद्देनजर पार्टी मांग करती है कि उसे मतदाता सूची और मतदान के दिन के वीडियो फुटेज एक सप्ताह में उपलब्ध कराएं जाएं।

पत्र में कहा गया है कि कांग्रेस यह मांग लगातार कर रही है और उसकी मांग के अनुरूप वोटर लिस्ट तथा वीडियो फुटेज उपलब्ध कराना आयोग के लिए कठिन काम नहीं है। पार्टी का कहना है कि इससे न सिर्फ राजनीतिक दलों का विश्वास बढ़ेगा, बल्कि जनता में भी चुनावी प्रक्रिया को लेकर भरोसा कायम रहेगा। पार्टी ने यह भी कहा है कि आयोग इन मांगों पर विचार करता है तो कांग्रेस नेतृत्व आयोग के साथ बैठक कर अपनी तरफ से किए गए विश्लेषण और सबूत आयोग के सामने रखेगा ताकि पूरी प्रक्रिया पर खुली चर्चा हो सके।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में पार्टी की तरफ से लिखे गये पत्र के साथ आयोग से आग्रह करते हुए कहा “हम आपसे अनुरोध करते हैं कि हमें महाराष्ट्र की मतदाता सूचियों की मशीन-पठनीय, डिजिटल प्रति और महाराष्ट्र और हरियाणा के मतदान दिवस की वीडियो फुटेज इस पत्र की तिथि से एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराएं।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तरफ से यह लंबे समय से किया जा रहा अनुरोध है जिसका अनुपालन करना चुनाव आयोग के लिए आसान होना चाहिए।

Next Post

तीस हजार अफगान शरणार्थी स्वदेश लौटे

Thu Jun 26 , 2025
काबुल, 26 जून (वार्ता/शिन्हुआ) ईरान से पश्चिमी हेरात में इस्लाम कला सीमा क्रॉसिंग के रास्ते अफगानिस्तान के 30,000 से अधिक शरणार्थी स्वदेश लौटे हैं। सूचना और संस्कृति विभाग के प्रांतीय निदेशक मावलवी अहमदुल्ला मुत्ताकी ने बताया कि बुधवार को अफगान शरणार्थियों की यह हाल के दिनों में सबसे बड़ी सामूहिक […]

You May Like