
इंदौर. क्राइम ब्रांच टीम को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स की तस्करी करने आए चार तस्करों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. आरोपी अन्य शहरों से सस्ते दामों में नशीला पदार्थ खरीदकर इंदौर में सप्लाई करने की तैयारी में थे. पुलिस ने इनके कब्जे से 57 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक टाटा टियागो कार बरामद की है. जब्त सामग्री की कीमत करीब 60 लाख रुपए आंकी जा रही है.
घटना बुधवार दोपहर को वीआईपी रोड स्थित रेनबसेरा के पास स्टील चौराहे के आगे की है. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मादक पदार्थों की अवैध तस्करी पर नकेल कसने के लिए क्राइम ब्रांच लगातार गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई कर रही है. एडीसीपी ने राजेश दंडोतिया ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि चार युवक कार में बैठकर नशीला पदार्थ लेकर इंदौर में प्रवेश कर रहे हैं. टीम ने तत्काल घेराबंदी कर टाटा टियागो कार को रोका और उसमें सवार चार युवकों को हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सुधीर चौहान 25 निवासी उज्जैन, दिलीप उर्फ दूल्हे सिंह 34 और दुले सिंह राजपूत 43 निवासी जिला आगर, तथा धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया 29 निवासी झालावाड़, राजस्थान बताए. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खुद नशे के आदी हैं और अन्य शहरों से सस्ता माल खरीदकर इंदौर में बेचने की फिराक में थे. पुलिस आरोपियों से अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है. मामले में एडीसीपी ने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि इनके नेटवर्क और अन्य साथियों की जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा सके.
