
इंदौर. शहर में ड्रिंक एंड ड्राइव पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने रात सख्त चेकिंग अभियान चलाया. बायपास, रिंग रोड और एबी रोड जैसे संवेदनशील मार्गों पर विशेष फोकस करते हुए पुलिस ने 100 से अधिक लोगों को शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा. सभी के खिलाफ कोर्ट चालान बनाते हुए दस-दस हजार रुपए का जुर्माना किया.
हर वीकेंड पर शहर के बार, पब और होटल से देर रात लौटने वालों की संख्या काफी अधिक रहती है. ऐसे में पुलिस का ध्यान विशेष रूप से उन्हीं इलाकों पर केंद्रित रहता है, जहां से शराब सेवन के बाद वाहन चलाने की घटनाएं ज्यादा देखने को मिलती हैं. एमआईजी चौराहा, बायपास, रिंग रोड सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर चेकिंग की गई. महिलाओं की मौजूदगी में होने वाले विवादों को देखते हुए अब पुलिस ने जांच दलों में महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती शुरू कर दी है. वे ब्रेथ एनालाइजर की मदद से संदिग्ध चालकों की जांच करती हैं.
