ऋषिकुल में बनेगा मदन मोहन मालवीय राज्य शोध संस्थान: धामी

हरिद्वार/देहरादून, 22 जून (वार्ता) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को ऋषिकुल आर्युवेदिक कॉलेज ऑडिटोरियम में घोषणा की कि मदन मोहन मालवीय राज्य शोध संस्थान की स्थापना इस ऋषिकुल में की जायेगी, जिसमें योग, ध्यान एवं अध्यात्म आदि अनेक विधाओं का अध्ययन किया जायेगा। इससे स्प्रिचुअल टूरिज्म को बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

श्री धामी यहां भारतीय मजदूर संघ, उत्तराखंड द्वारा आयोजित युवा कार्यकर्ता सम्मेलन एवं संघ के ‘स्वर्णिम सत्तर वर्षों’ का समापन समारोह कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधन कर रहे थे।

श्री धामी ने कहा कि आज भारतीय मजदूर संघ एक विस्तारित रूप में संगठित है। संगठन कों प्रारंभिक दौर में अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ा। 23 जुलाई, 2025 को यह संगठन अपनी स्थापना के 70 वर्ष पूर्ण कर रहा है। उन्होंने कहा कि सात दशक की यात्रा में तपस्या एवं राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिए एवं स्वदेशी विचारधारा को लिए हुए संगठन ने श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए तथा भारतीय संस्कृति से युक्त राष्ट्र निर्माण में श्रमिक संगठन का बहुमूल्य योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन ने श्रम योगी से राष्ट्र योगी बनने का मार्ग प्रशस्त किया। देश की आजादी के बाद देश में संसाधनों की कमी थी लेकिन हमारे श्रमिकों द्वारा राष्ट्र निर्माण में जो कार्य किया है, वह अविश्वसनीय है।

श्री धामी ने कहा कि संगठन ने देश के श्रमिकों, विद्यार्थियों, एवं युवाओं को एक नई विचारधारा दी है। आज हमारी सरकार श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखकर अनेक योजनाओं के अंतर्गत कार्य कर रही है। देश के अंतिम छोर के व्यक्ति तक इन योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है। सरकार द्वार चलाए जा रहे श्रम पोर्टल पर करोड़ो श्रमिकों का पंजीकरण हुआ है। हमारी सरकार श्रमिकों के हितों के इएसआई, इएफओं, बीमा की सुविधा दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ सबका विकास के मूल मंत्र के साथ श्रमिकों का कल्याण कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक भाइयों के हितों के लिए कई योजनाएं लागू की है। उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा स्वास्थय एवं मोबाइल की सुविधा सरकार दे रही है। उनके 75 मेधावी बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए रुद्रपुर टेक्निकल इंस्टीट्यूट में उच्च तकनीकि शिक्षा प्रदान करा रही है। जिसमें, शिक्षा, आवास भोजन पूर्ण रूप से निःशुल्क उपलब्ध करा रहे है, ताकि वे बिना किसी आर्थिक बाधा के अपने भविष्य का निर्माण कर सकें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार भी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए श्रमिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध होकर काम कर रही है। श्रमिकों के लिए आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा कार्ड, स्वास्थ्य बीमा जैसी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि श्रमिकों को किसी भी स्तर पर उपेक्षित न रहना पड़े, कहीं परेशान न होना पड़े। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्ननिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम श्रमिकों के लिए कई योजनाएं लागू की हैं।

कार्यक्रम में विधायक प्रदीप बत्रा, आदेश चौहान, मेयर किरन जेसल, अखिल भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री रविन्द्र मितरे, प्रदेश अध्यक्ष उमेश जोशी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम, प्रदेश महामंत्री सुमित सिंघल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, लव शर्मा, आशु चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, जिलाधिकारी, मयूर दीक्षित, एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

Next Post

कांग्रेस सरकार कल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्ध: महेश गौड़

Sun Jun 22 , 2025
निजामाबाद, 22 जून (वार्ता) तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति (टीपीसीसी) के अध्यक्ष एवं सांसद महेश कुमार गौड़ ने रविवार को कहा कि कांग्रेस सरकार ने लोगों के आशीर्वाद से सत्ता में अपने डेढ़ साल पूरे कर लिये हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राज्य के कल्याण और विकास के प्रति प्रतिबद्ध […]

You May Like