योग बेहतर स्वास्थ्य के लिए बना महत्वपूर्ण शक्ति: नड्डा

नयी दिल्ली 21 जून (वार्ता) केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को यहां कहा कि योग दुनिया भर में स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण साधन बन गया है।

संयुक्त राष्ट्र द्वारा 2015 में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित करने के बाद से इसे वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण स्वीकृति मिली है।

श्री नड्डा ने यहां कर्तव्य पथ पर ग्यारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सामूहिक योग प्रदर्शन में भाग लेने के लिए एकत्रित हुए लोगों को संबोधित किया और कहा कि योग को वैश्विक मान्यता और अपनाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और पहल को जाता है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “ यह गर्व का क्षण है कि सभी क्षेत्रों के लोग आज इस भारतीय ज्ञान प्रणाली का जश्न मनाने के लिए यहां एकत्र हुए हैं।” श्री नड्डा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किए गए संदेश में लिखा, “आज 11वें ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ के अवसर पर मैंने नयी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर हमारे योग-प्रेमी भाई-बहनों के साथ योग किया। योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन और स्वास्थ्य प्रदान करके एक खुशहाल और बेहतर जीवन सुनिश्चित करता है। माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से इसे वैश्विक मान्यता मिली है और इसके फलस्वरूप दुनिया भर में लाखों लोग अब योग को अपने दैनिक जीवन में अपना रहे हैं।”

श्री नड्डा ने योग के बढ़ते महत्व को रेखांकित करते हुये कहा कि योग न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में योगदान देता है, बल्कि शरीर को हर लिहाज से संतुलित करके अधिक संतुष्ट जीवन जीने की ओर भी ले जाता है।

 

 

Next Post

पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर

Sat Jun 21 , 2025
नई दिल्ली 21 जून (वार्ता) अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में घटबढ़ रहने के बीच घरेलू स्तर पर पेट्रोल और डीजल के दाम आज स्थिर रहे, जिससे दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर पर पड़े रहे। तेल विपणन करने वाली प्रमुख […]

You May Like