
इंदौर. राजा रघुवंशी हत्याकांड में हर दिन सामने आ रही नई परतें इस केस को और उलझा रही हैं. अब तक इसे पति-पत्नी और वो के दायरे में देखा जा रहा था, लेकिन जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी है, यह मामला हवाला, बेशुमार पैसों और छिपे हुए किरदारों की परतों में लिपटा नजर आ रहा है. सूत्रों के हवाले से जो तथ्य सामने आए हैं, वे इस हत्याकांड को एक बेहद संगठित आपराधिक साजिश की शक्ल देने लगे हैं.
बताया जा रहा है कि सोनम और उसका कथित प्रेमी राज कुशवाहा केवल प्रेम-संबंधों तक सीमित नहीं थे, बल्कि हवाला कारोबार में भी साझेदार थे. पुलिस को मिले तकनीकी सबूतों के मुताबिक सोनम के पिता की प्लाईवुड फर्म में कार्यरत राज हवाला ट्रांजेक्शन में शामिल था, और सोनम ने भी इसी नेटवर्क का हिस्सा बनकर पिछले कुछ महीनों में लाखों रुपए की कमाई की. इंदौर क्राइम ब्रांच के हाथ राज के मोबाइल से जो तस्वीरें लगीं, उनमें 10-10 रुपए के फटे हुए नोट भी शामिल हैं. आम तौर पर ऐसे फटे नोट हवाला कारोबार में पहचान और ट्रांजेक्शन कोड की तरह इस्तेमाल होते हैं, रकम छोटी होती है, लेकिन कनेक्शन बेहद गहरे. पुलिस को शक है कि इन्हीं नोटों के जरिए राज और सोनम ने मोटी रकम की अदला-बदली की. पुलिस इस आधार पर भी जांच कर रही है. अब जबकि मामला हवाला कारोबार, पैसों के लेनदेन और पारिवारिक रिश्तों से भी आगे बढ़ चुका है, पुलिस की नजर उन छिपे हुए चेहरों पर भी है, जो पर्दे के पीछे रहकर इस पूरी साजिश में सहभागी रहे.
