अहमदाबाद, 19 जून (वार्ता) गुजरात के अहमदाबाद सिविल अस्पताल अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने गुरुवार को कहा कि अहमदाबाद विमान हादसे में मारे गये 211 लोगों के डीएनए सैंपल का मिलान हो गया है। अब तक कुल 189 शव परिजनों को सौंपे जा चुके हैं।
डॉ. जोशी ने बताया कि जल्द ही आठ परिवार अपने रिश्तेदारों के पार्थिव शरीर लेने आयेंगे, दो परिवार कल तक पार्थिव शरीर लेने आयेंगे, 11 परिवार अन्य रिश्तेदार से डीएनए मिलान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 189 मृतकों के बचे शवों में से 142 भारतीय नागरिक, सात पुर्तगाली, 32 ब्रिटिश नागरिक, एक कनाडाई और सात गैर-यात्रियों के शामिल हैं।
डॉ. जोशी ने सौंपे गये शवों का विवरण देते हुये कहा कि इनमें उदयपुर सात, वडोदरा 20, खेड़ा 10, अहमदाबाद 55, मेहसाणा छह, बोटाद एक, जोधपुर एक, अरावली दो, आणंद 16, भरूच पांच, सूरत 11, पाटण एक, गांधीनगर छह, महाराष्ट्र दो, दीव 14, जूनागढ़ एक, अमरेली दो, गिर सोमनाथ पांच, महिसागर एक, भावनगर एक, पटना एक, राजकोट तीन, मुंबई नौ, नाडियाड एक, जामनगर दो, द्वारका दो, साबरकांठा एक, लंदन दो और नागालैंड एक व्यक्ति के शव परिजनों को सौंपे गये।
उन्होंने कहा कि चूंकि डीएनए सैंपल मिलान की प्रक्रिया बहुत संवेदनशील है और इसमें कानूनी मामले भी जुड़े हैं, इसलिए इस प्रक्रिया को बहुत गंभीरता और तेजी से पूरा किया जा रहा है। फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी और इससे जुड़े अन्य संस्थान, स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य और राज्य सरकार के अन्य विभाग और विभिन्न एजेंसियां, मृतकों के शवों को उनके परिजनों को सौंपने के लिए अथक प्रयास कर रही हैं।
