
भोपाल/पचमढ़ी। भाजपा प्रशिक्षण वर्ग के दौरान होटल ग्लेन व्यू के गेट पर आपस में वाद विवाद करने वाले नर्मदापुरम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष्मान मिश्रा और उप पुलिस निरीक्षक कमल किशोर मौर्य सागर को पुलिस मुख्यालय ने तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। उन्हें अब नर्मदापुरम जोन से संबद्ध किया गया है। प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय दिवस घटी घटना को आदेश में पुलिस महकमे में अनुशासन हीनता और विभाग की छवि को खराब करने वाला बताया गया है।
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पुलिस की छवि को क्षति पहुँचाने वाला कृत्य प्रदर्शित किया गया, जो अमर्यादित और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसके कारण दोनों अधिकारियों को आगामी आदेश तक नर्मदापुरम जोन मुख्यालय में संबद्ध किया गया है। जानकारी के अनुसार पचमढ़ी स्थित ग्लेन व्यू होटल पर रविवार सुबह दो पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस हो गई।
सागर से आए सब-इंस्पेक्टर कमल किशोर मौर्य होटल के गेट पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एडिशनल एसपी आशुतोष मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने सब-इंस्पेक्टर मौर्य को ड्यूटी के दौरान पुलिस कैप न पहनने पर फटकार लगाई। इस बात को लेकर दोनों अधिकारियों के बीच विवाद बढ़ गया और गेट पर ही जमकर बहस हो गई। प्रशिक्षण स्थल पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया था।
