
जबलपुर। प्रदेश सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीदी स्थगित कर दी गयी है, जिससे अन्नदाता खासा नाराज नजर आ रहा है। किसानों का गुस्सा अब मंडियों से लेकर सड़को पर भी दिख रहा है और इसी को लेकर भारतीय किसान संघ की पाटन इकाई और किसानों ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान पाटन मंडी पहुँचे, जहाँ एक सभा के माध्यम से आंदोलन का आगाज किया गया। तत्पश्चात उपज मंडी से ट्रैक्टर और दो पहिया वाहनों के साथ किसान तहसील कार्यालय का घेराव करने निकल पड़े, पर पुलिस ने सभी को सिविल कोर्ट चौराहे के पास ही रोक दिया। जहाँ प्रशासन और सरकार के खिलाफ किसानों ने जम कर नारेबाजी की। इस प्रदर्शन से मार्ग के चारो ओर जाम के हालात निर्मित हो गए। आंदोलन को देख मौके पर पाटन एस डी एम मानवेन्द्र सिंह पहुँचे, जिन्हें किसान संघ ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ के तहसील अध्यक्ष मुकुल पचौरी ने बताया कि समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीदी धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल और डबल लॉक केंद्रों में खाद की आपूर्ति संबंधित हमारी मांगों पर जल्द कार्यवाही नही होती है तो हम जिला स्तर पर आंदोलन करेंगे। इस दौरान राघवेंद्र पटेल, ओमनारायण पचौरी, मोहन तिवारी, रघुनाथ सिंह, आनंद पटेल, मुकुल पचौरी, मदन मोहन, रविनारायन, दिनेश पटेल, वेदप्रकाश गर्ग, रितेश पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
