भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 11 वर्ष पूरे होने पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह समय भारत के इतिहास का स्वर्णिम काल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है, चाहे वह गरीबों का कल्याण हो, किसानों की भलाई, महिलाओं का सशक्तिकरण या युवाओं को अवसर देना।
मुख्यमंत्री आज इस अवसर पर पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और यह मोदी सरकार की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे सफल अभियानों का उल्लेख करते हुए देश की सुरक्षा व्यवस्था में आई मजबूती को रेखांकित किया।
सीएम यादव ने कहा, “सेवा, सुशासन और गरीब-कल्याण के 11 वर्ष, विकसित भारत के संकल्प की नींव हैं। मैं उम्मीद करता हूँ कि 2029 में भी प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ही देश का नेतृत्व करें।
