मास्को, 07 जून (वार्ता) रूस में मास्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने शनिवार को कहा कि यूक्रेन की ओर से किये गये हमले में दो लोग घायल हुए हैं।
श्री वोरोब्योर ने टेलीग्राफ पर कहा, “वायु रक्षा प्रणाली ने मास्को क्षेत्र में दुश्मन के ड्रोन हमले को विफल कर दिया। पिछले 24 घंटे में ज़ारायस्क, ओडिंटसोवो, डोमोडेडोवो, इस्तरा और सोलनेचनोगोर्स्क क्षेत्र के ऊपर नौ ड्रोन को मार गिराया गया। इस्तरा में ड्रोन के टुकड़ों से दो नागरिक (एक पुरुष और एक महिला) घायल हो गए।”
उन्होंने कहा कि घायलों को अस्पताल में सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधा मुहैया करायी जा रही है। उनकी हालत स्थिर है और जान को कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि हमलों के कारण एक निजी घर भी क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही एक कार भी क्षतिग्रस्त हुयी है। पीड़ितों के लिए पुनर्वास और सहायता की निगरानी की जा रही है।
श्री वोरोब्योव ने कहा, “सभी प्रभावित समुदायों के लिए आपातकालीन सेवाएं भी संचालित हो रही हैं।” इससे पहले दिन में रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूसी वायु रक्षा प्रणालियों ने कुर्स्क, ब्रायंस्क, कलुगा, स्मोलेंस्क और मॉस्को क्षेत्रों के ऊपर रात भर मंडरा रहे 36 यूक्रेनी ड्रोन को नष्ट कर दिया।
