चेस्टर-ले-स्ट्रीट, 07 जून (वार्ता) जॉश बटलर (96) रन की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी के बाद लियम डॉसन (चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड ने पहले टी-20 मुकाबले में वेस्टइंडीज को 21 से हरा दिया है। इसी के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है।
शुक्रवार रात खेले गये मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और उसने दूसरे ही ओवर में बेन डकेट (एक) का विकेट गवां दिया। उन्हें रोमारियो शेफर्ड ने विकेटकीपर साई होप के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये जॉश बटलर ने सलामी बल्लेबाज जेमी स्मिथ के साथ दूसरे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी कर इंग्लैंड की पारी को संभाला।
सातवें ओवर में रोमारियो शेफर्ड ने जेमी स्मिथ 20 गेंदों में (38) को रदरफोर्ड के हाथों कैच आउट कराकर पवेलियन भेज दिया। कप्तान हैरी ब्रूक (छह), टॉम बैंटन (तीन) और विल जैक्स (नौ) रन बनाकर आउट हुये। जॉश बटलर ने 59 गेंदों में चार छक्के और छह चौकों की मदद से (96) रनों की आतिशी पारी खेली। विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे बटलर अपना शतक पूरा नहीं कर सके। उन्हें अल्जारी जोसेफ ने पगबाधा आउट किया। इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 188 रन का स्कोर खड़ा किया। जेकब बेथेल (23) रन बनाकर नाबाद रहे।
वेस्टइंडीज की ओर से रोमारियो शेफर्ड ने दो विकेट लिये । अल्जारी जोसेफ,रॉस्टन चेज और आंद्रे रसल ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद 189 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज का कोई भी बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे अधिक देर तक नहीं टिक सके और नियमित अंतराल पर उसके विकेट गिरते रहे। जिसके कारण उसके रनों रफ्तार भी धीमी रही। वेस्टइंडीज की टीम निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 167 रन ही बना सकी और 21 रनों से मुकाबला हार गई। एविन लुइस ने वेस्टइंडीज के लिए 23 गेंदों में तीन छक्कों और तीन चौकों की मदद से (39) रनों की पारी खेली। रॉस्टन चेज (24), जॉनसन चार्ल्स (18), रोमारियो शेफर्ड (16) आंद्रे रसल (15), रोवमन पॉवेल (13) रन बनाकर आउट हुये। जेसन होल्डर (16) रन बनाकर नाबाद रहे। इसी साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है।
इंग्लैंड की ओर से लियम डॉसन ने चार ओवर में 20 रन देकर चार विकेट लिये। मैथ्यू पॉट्स और जेकब बेथेल को दो-दो विकेट मिले। आदिल रशीद ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
