ग्वालियर: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राहुल गांधी के बयान का कथित संदर्भ समझाते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे नेताओं को बाराती घोड़े एवं सत्ता के आसपास नाचने वाला बताया तो सिंधिया समर्थक भाजपाई उन पर उबल पड़े हैं।पटवारी के बयान पर बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य अशोक शर्मा ने तीखा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया कोहिनूर हीरे हैं। कांग्रेस ने उनकी कीमत नहीं समझी।
2018 के चुनाव में सिंधिया की वजह से ही मप्र में पंद्रह साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी थी। उस समय प्रदेश भर से आवाज उठी थी कि सिंधिया को सत्ता या संगठन की अहम जिम्मेदारी दी जाए, लेकिन कांग्रेस के तत्कालीन सत्ताधीशो ने अपनी दुकान चलाते रहने के लिए सिंधिया के परिश्रम और बलिदान की अहमियत नहीं समझी। आज सिंधिया बीजेपी में केंद्रीय मंत्री हैं और ग्वालियर-चंबल अंचल के साथ पूरे मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। अशोक शर्मा ने पटवारी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस नेता अपनी हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ रहे हैं।
अशोक शर्मा ने कहा कि पटवारी के बयान में उसूलों की रक्षा के लिए सिंधिया द्वारा तत्कालीन कांग्रेस सरकार गिराए जाने की खीझ झलकती है। पटवारी को अपना मुंह खोलने से पहले यह विचार करना चाहिए कि सिंधिया के साथ महान पारिवारिक विरासत है। न सिर्फ सिंधिया बल्कि उनके पूर्वजों ने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। पटवारी अपने बयान के लिए माफी मांगें।
