बैतूल।बैतूल जिला न्यायालय परिसर उस वक्त दहशत में आ गया जब एक पुराने आपराधिक मामले में आरोपी ने फरियादी पर ईंट से हमला कर दिया। घटना बैतूल एससी-एसटी विशेष न्यायालय परिसर की है, जहां एक पुराने मामले में समझौते के लिए पहुंचे विक्रांत पारस्परे पर आरोपी शेख इस्माइल ने अचानक हमला कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2009 में शेख इस्माइल ने विक्रांत पर चाकू से जानलेवा हमला किया था। यह मामला अदालत में विचाराधीन था और दोनों पक्षों को इस दिन समझौते के लिए बुलाया गया था। लेकिन कोर्ट परिसर में अचानक स्थिति बदल गई जब आरोपी इस्माइल ने ईंट उठाकर विक्रांत पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में विक्रांत गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर डायल 100 और एंबुलेंस टीम पहुंची और घायल विक्रांत को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं पुलिस ने आरोपी इस्माइल को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
