यूक्रेन से मिला संघर्ष रोकने के लिए प्रस्ताव का विवरण : रूस

मास्को, 2 जून (वार्ता) रूस ने कहा है कि यूक्रेन के साथ चल रहे संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए यूक्रेन से उसे एक प्रस्ताव का ब्यौरा मिला है।

तुर्की की राजधानी इस्तांबुल पहुंचे रूसी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख व्लादिमीर मेदिस्की ने मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी। गौरतलब है कि यूक्रेन युद्ध के समाधान के लिए यूक्रेन और रूस के बीच तुर्की की राजधानी इस्तांबुल में दूसरे दौर की वार्ता चल रही है।

श्री मेदिस्की ने कहा कि प्रस्ताव का ब्योरा यूक्रेनी और अंग्रेजी भाषा में सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई समस्या नहीं है क्योंकि रूसी प्रतिनिधि मंडल में विभिन्न भाषाओं को जानने वाले लोग शामिल हैं।

इससे पहले रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा था कि उनका प्रतिनिधिमंडल दो जून को यूक्रेन के साथ संघर्ष रोकने के लिए इस्तांबुल में हो रही दूसरे दौर की वार्ता के दौरान यूक्रेनी पक्ष को अपने प्रस्ताव का ब्योरा सौंपने को तैयार है। पिछले महीने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 15 मई को इस्तांबुल में बिना किसी पूर्व शर्त के यूक्रेन के साथ सीधी बातचीत फिर से शुरू करने की बात कही थी।

रूसी सरकार के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव के अनुसार यूक्रेन के साथ प्रस्तावित वार्ता का लक्ष्य संघर्ष के मूल कारणों का समाधान कर रूस के हितों को सुनिश्चित करना है।

गौरतलब है कि रूसी प्रतिनिधिमंडल पहले दौर की बातचीत के लिए 15 मई को इस्तांबुल पहुंचा था लेकिन तब दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच कोई संपर्क नहीं हुआ। बातचीत अगले दिन शुरु हो गई थी। दूसरे दौर की वार्ता में रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे श्री मेदिस्की ने यूक्रेन के साथ बातचीत जारी रखने के लिए रूस की ओर से तत्परता भी जताई है।

 

Next Post

बिना रौद्र रूप दिखाए समाप्त हो गई रोहिणी

Mon Jun 2 , 2025
शाजापुर।सोमवार को रोहिणी (नवतपा) का अंतिम दिन था और इस दिन भी हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे अंतिम दिन भी रोहिणी गल गई. हालांकि बारिश ज्यादा तो नहीं हुई, लेकिन आसमान में बादल छाने और हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिल गई. इस पूरे माह नगर में […]

You May Like