प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को इंदौर में कमर्शियल मेट्रो ट्रेन रन शुरुआत की. फिलहाल गांधीनगर से टीसीएस यानी 6 किलोमीटर तक पांच स्टेशनों पर रुकती हुई मेट्रो चलेगी. बाद में दिवाली तक इसे रेडिसन होटल तक लाने की योजना है.दरअसल, हमारा प्रदेश, जो कभी अपनी शांत ग्रामीण संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता था, अब एक नए अध्याय की दहलीज पर खड़ा है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दूरदर्शी घोषणाओं ने प्रदेश के दो प्रमुख शहरों, भोपाल और इंदौर, को विशाल मेट्रोपॉलिटन क्षेत्रों में बदलने की महत्वाकांक्षी योजना को मूर्त रूप दिया है. यह सिर्फ शहरों का विस्तार नहीं, बल्कि आर्थिक विकास, औद्योगिक क्रांति और आधुनिक जीवनशैली का एक महा संयोजन है.
राजधानी भोपाल के लिए परिकल्पित मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र एक विशाल विस्तार को समेटे हुए है. लगभग 8791 वर्ग किलोमीटर के इस क्षेत्र में पांच जिलों यथा, भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा और राजगढ़ के शहर और गांव शामिल होंगे. इस विस्तार का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना, निवेश आकर्षित करना और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आर्थिक कॉरिडोर, सडक़ परिवहन और रेल परिवहन पर विशेष ध्यान देना है. प्रदेश की? आर्थिक राजधानी इंदौर का मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र और भी अधिक व्यापक है. लगभग 9336 वर्ग किलोमीटर में फैला यह क्षेत्र भी पांच जिलों, इंदौर, उज्जैन, देवास, धार और शाजापुर को शामिल करेगा. इसमें पूरा इंदौर जिला, जिसमें बिचौली हप्सी, देपालपुर और महू जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र कायाकल्प के लिए तैयार हैं. देवास जिले का करीब 30 फीसदी हिस्सा, धार जिले का पीथमपुर और शाजापुर जिले का एक छोटा हिस्सा भी इस वृहद योजना का हिस्सा बनेंगे.इस व्यापक विस्तार का लक्ष्य आर्थिक और बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विकास करना, नए उद्योगों और निवेशकों को आकर्षित करना तथा भविष्य की जरूरतों के अनुरूप शहरी विकास को आकार देना है.
बहरहाल,इन महत्वाकांक्षी मेट्रोपॉलिटन योजनाओं के साथ, मध्यप्रदेश में शहरी परिवहन का एक नया अध्याय भी लिखा जा रहा है, मेट्रो रेल के युग के रूप में. इंदौर के साथ भोपाल में भी मेट्रो का कार्य तेजी से प्रगति पर है और उम्मीद है कि अगस्त या अक्टूबर 2025 तक इसका कमर्शियल रन शुरू हो जाएगा. मेट्रो परियोजनाएं इन मेट्रोपॉलिटन क्षेत्रों की जीवनरेखा बनेंगी, कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी और लाखों लोगों के लिए यात्रा को सुगम बनाएंगी.दरअसल, मेट्रोपॉलिटन युग की शुरुआत सिर्फ भौगोलिक विस्तार नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के भविष्य के लिए एक व्यापक दृष्टिकोण है. यह रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा, निवेश को आकर्षित करेगा और जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाएगा. भोपाल और इंदौर, अब केवल शहर नहीं, बल्कि वृहद आर्थिक इंजन बनेंगे.
बहरहाल,इंदौर और उज्जैन जैसे घनत्व-प्रधान शहरों के लिए मेट्रो ट्रेन अब केवल यातायात का विकल्प नहीं, बल्कि एक स्मार्ट, पर्यावरण-संवेदनशील और आर्थिक रूप से दूरदर्शी निवेश है. जब मेट्रो लोक परिवहन से जुड़ती है, तब केवल यात्रियों की सुविधा नहीं बढ़ती, बल्कि वायु की शुद्धता, ट्रैफिक में कमी और फ्यूल-कंजंप्शन में गिरावट जैसी बड़ी उपलब्धियां मिलती हैं.भारत हर साल करोड़ों डॉलर पेट्रोलियम आयात में खर्च करता है. यदि शहर-से-शहर मेट्रो नेटवर्क से जोड़े जाएं, तो डीज़ल पर निर्भरता कम होगी और राष्ट्रीय इकोनॉमी पर आयात बोझ भी घटेगा.
इसी संदर्भ में सिंहस्थ 2028 से पहले पीथमपुर से उज्जैन तक मेट्रो का विस्तार होना चाहिए. उज्जैन रेलवे स्टेशन से महाकाल लोक तक एक लघु-मेट्रो मार्ग धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई देगा. इससे एक ओर सिंहस्थ जैसे आयोजनों का च्क्राउड मैनेजमेंटज् आसान होगा, वहीं दूसरी ओर रोजग़ार, छोटे व्यापार और पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी.
