शुक्रवार से शुरू होगा गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट

नैनीताल, 29 मई (वार्ता) उत्तराखंड के नैतीताल में शुक्रवार से शुरु होने वाला 20वां गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट एक जून तक चलेगा।
उत्तराखंड राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह ने राजभवन में आयोजित गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट के कर्टेन रेजर कार्यक्रम में गुरुवार को कहा कि कल से शुरु होने वाले गोल्फ टूर्नामेंट में छह वर्ष के बच्चे से लेकर 80 वर्ष तक के सुपर वेटरन हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में सुपर वेटरन कैटेगरी 75 वर्ष से अधिक आयु के छह, वेटरन (65 से 75) आयु वर्ग में 32, सामान्य वर्ग के 95, महिला वर्ग के 11 खिलाड़ी, जूनियर गोल्फर्स 33, जिसमें 19 बालक और 14 बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
तीन दिनों तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर के विभिन्न राज्यों से 177 गोल्फर प्रतिभाग करेंगे। इस वर्ष टूर्नामेंट में एशियाई खेलों के (गोल्फ) स्वर्ण पदक विजेता एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित अमित लूथरा तथा भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान, पद्मश्री एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित जफर इकबाल भी भाग ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य नैनीताल में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही महिलाओं, युवाओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि राजभवन गोल्फ कोर्स का नैसर्गिक सौंदर्य देशभर के गोल्फ खिलाड़ियों को आकर्षित करता है। टूर्नामेंट में भाग लेने के साथ ही खिलाड़ी उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन स्थलों का भी प्रचार-प्रसार करते हैं।
उन्होंने कहा कि एक अनूठी पहल के तहत गोल्फ कोर्स के 18 होल्स के नाम हिमालय प्रसिद्ध पर्वत श्रृंखलाओं एवं नदियों के नाम पर रखे गए हैं, जो न केवल खिलाड़ियों को एक सांस्कृतिक अनुभव देगा बल्कि उत्तराखण्ड की विरासत को भी उजागर करेगा।
राज्यपाल ने कहा कि गोल्फ के माध्यम से स्कूली बच्चों को खेलों से जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। हाल ही में इंटर स्कूल गोल्फ टूर्नामेंट और प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया जिसमें बेटियों सहित कई स्कूलों के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पुण्य भूमि, जो देवभूमि के रूप में जानी जाती है, अब ‘खेलभूमि’ बनने की दिशा में भी अग्रसर है। राज्य सरकार द्वारा खेलों के बुनियादी ढांचे के विकास हेतु अनेक महत्त्वपूर्ण पहल की हैं।

Next Post

हॉकी इंडिया के उप प्रधान नितिन कोहली आप में शामिल

Thu May 29 , 2025
जालंधर 29 मई (वार्ता) जालंधर शहर के एक प्रमुख खेल सामान के कारोबारी और हॉकी इंडिया के उप प्रधान नितिन कोहली गुरुवार को यहां आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए। प्रेस सम्मेलन में पंजाब के पार्टी प्रभारी मनीष सिसोदिया और प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने श्री नितिन कोहली […]

You May Like