भोपाल: पुलिस ने वाहन चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 15 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी भोपाल के विभिन्न थाना क्षेत्रों निशातपुरा, पिपलानी, टीला, गौतम नगर, सूखी सेवनिया, कोलार रोड और अशोका गार्डन से मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें विदिशा ले जाकर छिपा देते थे।
25 मई को करोंद सब्जी मंडी में दो संदिग्धों के घूमने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर जहिद खान और शिवराज अहिरवार को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने वाहन चोरी की बात कबूल की। आरोपियों की निशानदेही पर विदिशा के जंगलों और उनके घरों से चोरी की 15 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्र और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर निशातपुरा थाना प्रभारी रूपेश दुबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। आरोपी वाहनों का उपयोग घूमने फिरने और बिक्री के लिए करते थे।
