भिण्ड, 26 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर के अटेर रोड पर मेडिकल स्टोर की संचालिका पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
भिण्ड शहर कोतवाली थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर ने आज यहां बताया कि 18 मई को पारसनाथ मेडिकल स्टोर पर बदमाशाें ने गोली चलाई थी। मेडिकल स्टोर की संचालिका सुनीता जैन जब दुकान पर मौजूद थीं, तभी दो अज्ञात बदमाशों ने बाहर से 2-3 राउंड हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। बदमाशों ने घटनास्थल पर एक पर्चा भी फेंका, जिसमें सल्फास की गोली का उल्लेख किया गया था।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और मेडिकल स्टोर से हाल के दिनों में सल्फास की गोलियां खरीदने वालों की जानकारी खंगाली। जांच के दौरान एक महिला का नाम सामने आया, जिसने कुछ समय पहले सल्फास खरीदी थी। महिला की पहचान बबेड़ी निवासी के रूप में हुई। पुलिस जब उसके पति छोटू बबेड़ी के बारे में जानकारी जुटाने लगी, तो पता चला कि उसके संबंध आपराधिक प्रवृत्ति के युवकों से हैं। जांच में दो अन्य युवकों के नाम भी सामने आए।
इस संबंध में पुलिस ने अग्रवाल कॉलोनी निवासी दीपक ओझा को कल गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह हमला छोटू बबेड़ी की योजना थी। छोटू अपनी पत्नी को सल्फास की गोलियां देने को लेकर मेडिकल संचालिका से नाराज़ था, भले ही उसकी पत्नी ने वे गोलियां उपयोग में नहीं लीं। इसी वजह से उसने अपने साथियों दीपक और अभिषेक भदौरिया को फायरिंग के लिए भेजा।
शहर कोतवाली पुलिस ने छोटू बबेड़ी, अभिषेक भदौरिया और दीपक ओझा को इस मामले में नामजद आरोपी बनाया है। इनमें से दीपक को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि छोटू और अभिषेक अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

