
गांव से बाहर भागने से पहले दबोचा गया आरोपी
नवभारत न्यूज
सतना . महिला को लेकर दो लोगों के बीच विवाद एक की मौत का कारण बन गया. घर के बाहर लेटे रहने के दौरान ही पत्थर मारकर युवक की हत्या कर दी गई. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को बाहर भागने से पहले ही दबोच लिया.
मैहर जिले के बदेरा थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लटागांव में शुक्रवार की रात एक युवक की हत्या की घटना सामने आई थी. डायल 100 के माध्सम से मिली इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. जहां पर फरियादिया मां फूलमती कोल ने पुलिस को बताया कि रात में लगभग साढ़े 10 बजे उसका बेटा धनीराम कोल घर के बाहर लेटा हुआ था. बेटे के चिल्लाने की आवाज सुपकर जब वह बाहर आई तो देखा कि पड़ोसी सुशील कोल ने उसके बेटे के सिर पर पत्थर पटकर हत्या कर दी है. जिसे देखते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इसके साथ ही धारा 103 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरु कर दी गई. पुलिस को मुखबिर के जरिए इस बात की सूचना मिली की आरोपी सुशील कोल गांव में ही मौजूद है और बाहर भागने की फिराक में है. लिहाजा पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए दबिश दी और आरोपी को दबोच लिया. पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपी सुशील ने बताया कि एक महिला को लेकर उसके और धनीराम के बीच विवाद था. जिसके चलते उसने पत्थर पटककर हत्या कर दी.
