भोपाल, 23 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पत्र लिखकर सरकार से ग्रीष्म कालीन मूंग की समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग की है।
नेता प्रतिपक्ष ने पत्र में कहा है कि किसानों ने ग्रीष्मकालीन मूंग खेती में बहुत उत्साह दिखाया है, फसल पककर तैयार हो रही है, लेकिन किसानों से उचित मूल्य पर फसल को खरीदने की प्रारंभिक व्यवस्थाएं शासन द्वारा नहीं की गई है।
श्री सिंघार ने कहा कि कृषि विभाग द्वारा लगभग 14.20 लाख हेक्टेयर में मूंग की बुवाई एवं इस वर्ष मूंग का उत्पादन 21 लाख मीट्रिक टन अनुमानित है। वहीं प्रदेश सरकार ने पिछले वर्ष नाफेड के माध्यम से समर्थन मूल्य पर किसानों से मूंग की खरीदी आंशिक रूप से की गई थी। पत्र में आगे मांग की गई है कि इस वर्ष किसानों से समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीदी शत् प्रतिशत सुनिश्चित की जाय।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मूंग खरीदी संबंधी प्रस्ताव केंद्र सरकार को यथाशीघ्र भेजा जाये ताकि समय से मूंग की फसल का उपार्जन किया जा सके। मूंग खरीदी की सीमा प्रति हेक्टेयर 16 क्विंटल निर्धारित की जाय तथा किसानों को एक साथ पूरी फसल बेचने की अनुमति दी जाय। पोर्टल में स्लॉट बुकिंग किसानों के लिये सुविधाजनक हो एवं एक टोल फ्री नंबर भी जारी किया जाए।

