वैकल्पिक राजनीति को जन-जन तक पहुंचाएगी ‘आप’ : सिसोदिया

नयी दिल्ली, 23 मई (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप)के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने देश में काम की वैकल्पिक राजनीति को बढ़ाया है और इस वैकल्पिक राजनीति को न सिर्फ जन-जन तक पहुंचाया जायेगा बल्कि इसे और मजबूत करने पर काम किया जायेगा।
श्री सिसोदिया, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने पार्टी के सभी पार्षदों के साथ बैठक करके एक-एक पार्षद से उनके क्षेत्र की समस्याओं को जाना और उसका निवारण कराने का निर्देश दिया। इस दौरान श्री सिसोदिया ने कहा ,“ श्री केजरीवाल ने देश में काम की वैकल्पिक राजनीति को बढ़ाया है। हम इस वैकल्पिक राजनीति को न सिर्फ जन-जन तक पहुंचाएंगे, बल्कि इसे और मजबूत करने पर काम करेंगे।”
श्री सिसोदिया समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली नगर निगम 2027 चुनाव की तैयारियों का मंत्र दिया। साथ ही, उन्हें एक जुट रहकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हर जन विरोधी और गलत नीतियों का डटकर सामना करने और दिल्ली की जनता को राहत पहुँचाने का भी निर्देश दिया। सभी पार्षदों को अपने क्षेत्र मे सक्रिय रहने और जनता के बीच मे रहकर उनकी समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने पार्षदों से कहा कि अपने क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से कराएं और भाजपा सरकार की असफलताओं को भी जनता के बीच लेकर जाएं।
उन्होंने पार्षदों से कहा कि भाजपा बड़े बड़े वादे और दावे करके दिल्ली की सत्ता में आईं, जनता को झूठे वादों और बातों में गुमराह किया। अब इस चार इंजन वाली भाजपा सरकार की हकीकत जनता के सामने आने लगी है। महज तीन महीने में ही भाजपा सरकार के कुशासन से दिल्ली की जनता त्रस्त है। चार इंजन की सरकार के बाद भी बिजली, साफ पानी, शिक्षा माफिया आदि से दिल्ली के लोग परेशान हैं।
श्री भारद्वाज ने पार्षदों को अपने काम से दिल्ली की जनता का दिल जीतने का मंत्र दिया। उन्होंने पार्षदों से कहा,“ जनता की सेवा में कोई कमी नहीं छोड़ें। जनता सिर्फ आपके काम और प्यार की भूखी है। अगर जनता के बीच में रहते हैं और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेकर समाधान कराते है तो जनता भी आपको सिर माथे पर रखती है। भाजपा ने दिल्ली की जनता से झूठे वादे करके सत्ता में आईं है लेकिन अब जनता को सब समझ में आ रहा है कि उसके साथ धोखा हुआ है। जनता ठगा महसूस कर रही है। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी और बड़ी हो जाती है कि हम जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहें और उनकी समस्याओं का समाधान कराएं।”

Next Post

आरबीआई ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया पर लगाया 63.60 लाख का जुर्माना

Fri May 23 , 2025
मुंबई, 23 मई (वार्ता) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (यूबीआई) पर नियामकीय निर्देशों के उल्लंघन के चलते 63.60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। केंद्रीय बैंक ने शुक्रवार को बताया कि उसने 31 मार्च 2023 और 31 मार्च 2024 को बैंक की वित्तीय स्थिति के संबंध […]

You May Like