
बनखेड़ी। किसी व्यक्ति के निधन के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना दिया जाना एक सामान्य प्रक्रिया है। जिसके बाद संबंधित को दुख की घड़ी में सब लोग सांत्वना देने का काम करते हैं। लेकिन नजदीकी ग्राम बाचावानी में एक पुजारी द्वारा अहिरवार समाज के व्यक्ति को मृत्यु पश्चात राक्षस की संज्ञा दे दी गई जिसके बाद अहिरवार समाज सहित ग्राम वासियों में रोष व्याप्त हो गया। बाचावानी निवासी समाजसेवी जगदीश अहिरवार की मृत्यु पश्चात गांव के संतोष पटेल ने फेसबुक पर निधन की सूचना डालकर संवेदना व्यक्त की। इसके बाद पुजारी मनोहर दास बैरागी ने कमेंट किया कि “एक राक्षस मर गया” इस टिप्पणी के बाद जब इस बात को लेकर गांव के सामाजिक व अन्य लोगों के साथ मिलकर मनोहरदास पुजारी के पास गए तो उसने गाली गलौज व जाति सूचक शब्द बोलते हुएअभद्रता की। उक्त कमेंट और अभद्रता के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने अहिरवार समाज के साथ मिलकर थाना बनखेड़ी में रविवार को पुजारी के विरोध में लिखित रूप से शिकायत आवेदन दे कर तत्काल एफआईआर की मांग की।
