
इंदौर. गांधीनगर स्थित मेट्रो स्टेशन पर देशविरोधी नारे लगाने वाले आरोपी मोहम्मद जावेद अंसारी को पुलिस पूछताछ के लिए बिहार ले गई है. आरोपी मूलतः पूर्वी चंपारण जिले का निवासी है. इस घटना के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और मेट्रो परियोजना से जुड़े आठ सौ कर्मचारियों का पुलिस ने वेरीफिकेशन शुरू कर दिया है.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जावेद अंसारी मेट्रो स्टेशन पर प्लंबर के रूप में कार्यरत था. पुलिस अब उसके पारिवारिक, सामाजिक और आपराधिक पृष्ठभूमि की गहराई से जांच कर रही है, साथ ही, जावेद के संपर्क में रहे अन्य सहयोगियों की भी खुफिया निगरानी की जा रही है. बता दें कि मेट्रो स्टेशन पर झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के श्रमिकों की संख्या सर्वाधिक है. ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे स्टाफ की जांच प्रक्रिया को प्राथमिकता पर लिया है.
